Aaradhya Disposal IPO Listings: आराध्या डिस्पोजल के शेयरों की शेयर बाजार में एंट्री कमजोर रही। कंपनी के शेयर सोमवार 11 अगस्त को NSE SME प्लेटफॉर्म पर 111 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए। यह इसके 116 रुपये के IPO प्राइस से करीब 5% कम है। यानी आईपीओ निवेशकों को लिस्टिंग पर 5 फीसदी का नुकसान उठाना पड़ा है।
इस इश्यू को लिस्टिंग से पहले अनलिस्टेड मार्केट में कोई खास रुचि नहीं मिली थी। इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) शून्य पर बना हुआ था, जिससे फ्लैट ओपनिंग की आशंका पहले से जताई जा रही थी।
आराध्या डिस्पोजल का IPO 4 अगस्त को खुला था और 6 अगस्त को बंद हुआ था। आईपीओ का साइज 45.10 करोड़ रुपये था और यह पूरी तरह से 38.88 लाख शेयरों का फ्रेश इश्यू था। इसे कुल मिलाकर 1.41 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। सबसे ज्यादा डिमांड क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) से आई, जिन्होंने अपने हिस्से को 2.51 गुना सब्सक्राइब किया। रिटेल निवेशकों ने 1.46 गुना और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) ने 1.25 गुना सब्सक्रिप्शन किया।
मध्य प्रदेश मुख्यालय वाली यह कंपनी पेपर कप ब्लैंक्स, रिपल पेपर, कोटेड पेपर रोल्स और फूड-ग्रेड पेपर्स जैसे ग्रीसप्रूफ और ऑयल-रेसिस्टेंट पेपर सहित कई तरह के पेपर प्रोडक्ट्स को बनाने और उसकी सप्लाई करने के कारोबार में है। कंपनी का इकलौता मैन्युफैक्चरिंग प्लांट देवास में है, जिसमें दो यूनिट हैं और कुल 15,000 मीट्रिक टन प्रति वर्ष की इंस्टॉल्ड क्षमता है। कंपनी के प्रोडक्ट्स घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिकते हैं, जिनमें एशिया और मिडल ईस्ट को एक्सपोर्ट शामिल है।
वित्त वर्ष 2025 में कंपनी की इनकम सालाना आधार पर 54% बढ़कर 113.69 करोड़ रुपये हो गई। वहीं शुद्ध मुनाफा (PAT) 158% उछलकर 10.27 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 3.99 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने बताया कि IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों (₹20 करोड़), प्लांट और मशीनरी की खरीद व सिविल वर्क समेत विस्तार योजनाओं (₹15.86 करोड़), कुछ टर्म लोन की अदायगी (₹1.60 करोड़) और दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।