Accretion Nutraveda IPO Listing: आयुर्वेदिक दवाइयां और बाम-जेल बनाने वाली एक्रेशन के शेयरों की आज BSE SME प्लेटफॉर्म पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 1.83 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹129 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹191.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 48.06% का लिस्टिंग गेन (Accretion Nutraveda Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े।
उछलकर यह ₹200.55 (Accretion Nutraveda Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक 55.43% मुनाफे में पहुंच गए। चूंकि एक लॉट 1000 शेयरों का था तो हर लॉट पर आईपीओ निवेशक ₹71500 के फायदे में पहुंच गए। हालांकि फिर मुनाफावसूली के दबाव में यह ₹190.50 पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 47.67% मुनाफे में हैं।
Accretion Nutraveda IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
एक्रेशन का ₹25 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 28-30 जनवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.83 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.01 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 2.08 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.19 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 19.20 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹4.22 करोड़ मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में ऑटोमेशन के लिए मशीनरी की खरीदारी, ₹8.03 करोड़ नए मैन्युफैक्चरिंग सेटअप के लिए मशीनरी की खरीदारी, ₹5.50 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Accretion Nutraveda के बारे में
वर्ष 2021 में बनी एक्रेशन टैबलेट्स, कैप्सूल्स, ओरल लिक्विड, पाउडर, तेल, बाम, क्रीम और जेल जैसे अलग-अलग डोज के रूप में आयुर्वेदिक और न्यूट्रास्यूटिकल प्रोडक्ट्स तैयार करती है। यह CDMO (कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गेनाइजेशन) के रूप में काम करती है। इसका कारोबार भारत के बाहर श्रीलंका, सिंगापुर और यूएसए में भी फैला हुआ है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी गुजरात में है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹28 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹82 लाख और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹2.61 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 128% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹16.06 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹2.33 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹14.07 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹4.43 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹2.95 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।