ACME Solar Share Price: मार्केट की तेज उठा-पटक के बीच एसीएमई सोलर के शेयर आज उछल पड़े। इसके शेयरों में यह तेजी सीएनबीसी-टीवी18 की एक रिपोर्ट पर आई है, जिसमें दावा किया गया है कि कंपनी इस हफ्ते ₹2500 करोड़ का QIP (क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट) इश्यू लॉन्च कर सकती है। इस इश्यू ने कंपनी के शेयरों की चमक बढ़ा दी। हालांकि इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे शेयरों की चमक गायब हो गई। आज बीएसई पर यह 1.18% की गिरावट के साथ ₹306.90 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.36% उछलकर ₹324.10 तक पहुंच गया था जिससे टूटकर यह ₹305.10 तक आ गया था।
ACME Solar QIP: खास बातें
एसीएमई सोलर होल्डिंग्स ₹2500 करोड़ का क्यूआईपी इश्यू लॉन्च कर सकती है। इस इश्यू के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैपिटल एक्सपेंडिचर और ग्रोथ योजनाओं पर खर्च होंगे। सीएनबीसी-टीवी18 को सूत्रों के हवाले से यह जानकारी मिली है। इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक इस इश्यू से कंपनी को सेबी के MPS (मिनिमम पब्लिश शेयरहोल्डिंग) के नियमों को पूरा करने में मदद मिलेगी। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में प्रमोटर एंटिटी की एसीएमई सोलर की 83.3% हिस्सेदारी थी जबकि सेबी के नियमों के मुताबिक लिस्टेड कंपनी में कम से कम 25% पब्लिक शेयरहोल्डिंग होनी चाहिए। कंपनी के बोर्ड ने पिछले साल अगस्त 2025 में ₹3 हजार करोड़ जुटाने की मंजूरी दी थी।
कंपनी ने पिछले हफ्ते ऐलान किया था कि उसने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एसीएमई सूर्या पावर प्राइवेट लिमिटेड के जरिए राजस्थान में BESS (बैट्री एनर्जी स्टोरेज सिस्टम) प्रोजेक्ट की अतिरिक्त 34.59 MW/155.49 MWh कैपेसिटी चालू कर ही है और इसके साथ सहायक कंपनी की कुल चालू क्षमता 245.53 MW/1,103.39 MWh हो गई है।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
एसीएमई सोलर के शेयरों की करीब डेढ़ साल पहले मार्केट में एंट्री हुई थी। इसके ₹2900 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹289 के भाव पर शेयर जारी हुए थे जिनकी मार्केट में 13 नवंबर 2024 को एंट्री हुई थी। पिछले साल 28 जनवरी 2025 को बीएसई पर यह टूटकर ₹167.55 के भाव तक आ गया था जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 17 महीने में यह 93.52% उछलकर ₹324.25 के भाव तक पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।