Active Infrastructures IPO Listing: सिविल कंस्ट्रक्शन कंपनी एक्टिव इंफ्रास्ट्रक्चर्स के शेयरों की आज NSE SME पर फीकी एंट्री हुई। इसके आईपीओ की बात करें तो खुदरा निवेशकों ने भी खास दिलचस्पी नहीं दिखाई थी और उनके लिए आरक्षित हिस्से के आधे से थोड़ा अधिक ही सब्सक्राइब हो पाया था। आईपीओ के तहत 181 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं और इसी पर लिस्ट भी हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। लिस्टिंग के बाद यह 181.40 रुपये तक ऊपर गया लेकिन फिर टूटकर 171.95 रुपये पर आ गया। दिन के आखिरी में यह 175.60 रुपये (Active Infrastructures Share Price) पर बंद हुआ है यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 2.98 फीसदी घाटे में हैं।
Active Infrastructures IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
एक्टिव इंफ्रास्ट्रक्चर्स का ₹77.83 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 21-25 मार्च तक खुला था। इसका आईपीओ ओवरऑल 1.05 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.66 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 0.57 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 43,00,200 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 38.98 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल, 16.72 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने, 7.05 करोड़ रुपये कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट्स की खरीदारी और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Active Infrastructures के बारे में
वर्ष 2007 में बनी एक्टिव इंफ्रास्ट्रक्चर्स सिविल कंस्ट्रक्शन कंपनी है जो सड़कें, पुल, वाटर सप्लाई सिस्टम्स और सिंचाई से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। इनके अलावा यह ऑफिस कॉम्प्लेक्सेज, रिटेल सेंटर्स, एग्जीबिशन हाल्स, और एडुकेशन इंस्टीट्यूशंस पर भी काम करती है। इसका कारोबार महाराष्ट्र, एमपी, यूपी और त्रिपुरा में फैला हुआ है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022 में इसे 9 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 9.87 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 10.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 836 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 97.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 5.55 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 33.9 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।