Adani Group का ₹2.25 लाख करोड़ डूबा! हिंडनबर्ग के बाद लगा सबसे बड़ा झटका, शेयर 20% तक टूटा

Adani Group market cap: अदाणी पोर्ट्स, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी टोटल गैस और अंबुजा सीमेंट्स के शेयरों में 20% तक की गिरावट आई। इसके अलावा, अदाणी पावर और ACC में 14% और 12% की गिरावट आई

अपडेटेड Nov 21, 2024 पर 2:45 PM
Story continues below Advertisement
अमेरिकी अधिकारियों ने गौतम अदाणी और उनकी टीम पर कॉन्ट्रैक्ट्स पाने के लिए रिश्वत देने का आरोप लगाया गया है।

Adani Group: अदाणी ग्रुप एक बार फिर विवादों में है। इस बार अमेरिकी अधिकारियों ने गौतम अदाणी और उनकी टीम पर कॉन्ट्रैक्ट्स पाने के लिए रिश्वत देने का आरोप लगाया गया है। इसके चलते ग्रुप के सभी लिस्टेड शेयरों में आज भारी बिकवाली हो रही है। इन कंपनियों का मार्केट कैप आज 21 नवंबर को सामूहिक रूप से 2.2 लाख करोड़ रुपये घट गया। बता दें कि अदाणी ग्रुप के मालिक पर भारतीय सरकारी अधिकारियों को 250 मिलियन डॉलर यानी करीब 2100 करोड़ रुपये से अधिक की रिश्वत देने की स्कीम में भाग लेने का आरोप है।

Adani Group के शेयरों में कितनी गिरावट?

अदाणी पोर्ट्स, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी टोटल गैस और अंबुजा सीमेंट्स के शेयरों में 20% तक की गिरावट आई। इसके अलावा, अदाणी पावर और ACC में 14% और 12% की गिरावट आई। अदाणी विल्मर और एनडीटीवी में भी 10-10% की गिरावट आई। अपने हालिया 52-वीक हाई से, अदाणी ग्रुप का मार्केट कैप लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये घट गया है।


क्या है पूरा मामला?

दरअसल अमेरिकी प्रॉसीक्यूटर्स ने आरोप लगाया है कि अदाणी, सोलर एनर्जी कॉन्ट्रैक्ट्स हासिल करने के लिए 25 करोड़ डॉलर से अधिक की रिश्वत की पेशकश की साजिश में शामिल हैं। घूस की पेशकश भारतीय सरकारी अधिकारियों को की गई। अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सागर आर. अदाणी और MD-CEO विनीत एस. जैन पर भी अमेरिकी कानूनों को तोड़ने का आरोप लगा है।

यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट का कहना है कि तकरीबन 2020 से 2024 के बीच अदाणी ग्रीन एनर्जी और एज्योर पावर ग्लोबल को सोलर प्रोजेक्ट दिलाने के लिए भारतीय अधिकारियों को रिश्वत की पेशकश की गई। कॉन्ट्रैक्ट के जरिए 20 साल में 2 अरब डॉलर से ज्यादा मुनाफे का अनुमान लगाया गया था। फायदा लेने के लिए झूठे दावे करते हुए लोन और बॉन्ड्स जुटाए गए।

GQG पार्टनर्स को भी देना पड़ा बयान

इस बीच अदाणी ग्रुप के शेयरों में एक प्रमुख निवेशक GQG पार्टनर्स के शेयरों में ऑस्ट्रेलिया में लगभग 10 प्रतिशत की गिरावट आई। इन आरोपों के सामने आने के बाद GQG Partners ने निवेशकों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश की है। कंपनी ने कहा कि वह घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रही है और अदाणी समूह में अपने पोर्टफोलियो एक्सपोजर का रिव्यू कर रही है। ऐसा इसलिए ताकि यह निर्धारित किया जा सके कि कोई एक्शन जरूरी है या नहीं। फर्म ने कहा कि उसके क्लाइंट्स की 90 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अदाणी समूह से संबंध न रखने वाले इश्यूअर्स में इनवेस्टेड हैं, जिससे एक डायवर्सिफाइड पोर्टफोलियो सुनिश्चित होता है। ऑस्ट्रेलियन सिक्योरिटीज एक्सचेंज पर GQG का शेयर 9.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2.38 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर पर आ गया।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।