Adani Group Shares: विवादों का सामना कर रहे अदाणी ग्रुप के शेयरों में आज यानी शुक्रवार 28 अप्रैल को तूफानी तेजी देखने को मिली। ग्रुप की सूचीबद्ध सभी 10 कंपनियों के शेयर आज हरे निशान में बंद हुए। यहां तक कि दो शेयरों में अपर सर्किट भी लगा है। इनमें अदाणी पावर (Adani Power) और अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) के शेयर शामिल हैं। दोनों शेयर आज अपनी 5% की अपर सर्किट सीमा को छूकर बंद हुए हैं। इसके अलावा एनडीटीवी (NDTV) के शेयर भी एनएसई पर 4.68% की तेजी के साथ बंद हुए हैं।
अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी (Gautam Adani) की अगुआई वाले ग्रुप की सबसे मुख्य कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के शेयरों में एनएसई पर 3.72% की तेजी देखी गई और ये 1,922.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसके अलावा अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) का शेयर आज 3.70% बढ़कर 951.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
ग्रुप की बाकी कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) का शेयर आज एनएसई पर 3.22% चढ़कर बंद हुआ। वहीं अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas)का शेयर 2.85 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। अदाणी विल्मर (Adani Wilmer) के शेयरों में आज 2.45% की तेजी देखी गई।
अदाणी ग्रुप की दोनों सीमेंट कंपनियों की बात करें तो, अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) के शेयर आज एनएसई पर 2.11 फीसदी बढ़कर 397.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ। वहीं एसीसी (ACC) का शेयर 0.69% की बढ़त के साथ 1,762.85 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में यह तेजी ऐसे दिन आई है, जब ग्रुप की ओर से अपने कर्ज को घटाए जाने को लेकर खबरें आईं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अदाणी सीमेंट (Adani Cement) ने पिछले हफ्ते 20 करोड़ डॉलर (1635.92 करोड़ रुपये) का कर्ज समय से पहले ही चुका दिया है। अदाणी सीमेंट ने यह कर्ज वैश्विक बैंकों से लिया था।
Hindenburg के झटके से अभी तक उबरा नहीं है Adani Group
हिंडनबर्ग ने 24 जनवरी को अदाणी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी किया था। इसमें अदाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया गया था। ग्रुप ने इन आरोपों से इनकार किया था लेकिन इसके शेयर झटके को संभाल नहीं सके। इन आरोपों के चलते ग्रुप की कंपनियों के शेयर 83 फीसदी तक टूट गए। अभी तक अदाणी ग्रुप की किसी भी कंपनी के शेयर पूरी तरह से रिकवर नहीं हो पाए हैं।