Adani Group Shares: अदाणी ग्रुप के शेयरों में बुधवार 13 मार्च को तगड़ी बिकवाली रही। शेयर बाजारों में कमजोरी के बीच अदाणी ग्रुप के शेयर आज करीब 13 फीसदी तक टूट गए। ग्रुप की सभी 10 कंपनियों के शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसके चलते दोपहर तक, अदाणी ग्रुप की मार्केट वैल्यू करीब 90,000 करोड़ रुपये कम हो गई थी। सबसे अधिक गिरावट अदाणी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में देखने को मिली, जो इंट्राडे में 13 फीसदी टूटकर 1,650 रुपये के निचले स्तर पर आ गया। अदाणी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में यह 2024 में आई अबतक की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट है।
अदाणी ग्रुप की सबसे मुख्य कंपनी, अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के शेयर करीब 5.5 तक लुढ़क गए। वहीं अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) 5.3 गिरकर कारोबार कर रहा था। ये दोनों शेयर निफ्टी इंडेक्स का हिस्सा है। इस दौरान निफ्टी इंडेक्स 200 अंक या 1 फीसदी नीचे था। अदाणी एंटरप्राइजेज के लिए यह गिरावट का लगातार सातवां दिन है। हालांकि, यह शेयर अपने 52-सप्ताह के निचले स्तर 1,573 रुपये से लगभग 100 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहा है।
अदाणी ग्रुप की दोनों सीमेंट कंपनियों- एसीसी (ACC) और अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) के शेयर क्रमश: 4.3 प्रतिशत और 2.9 प्रतिशत नीचे थे। इसके अलावा अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस (Adani Energy Solutions), अदाणी पावर (Adani Power), अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas), एनडीटीवी (NDTV) और अदानी विल्मर (Adani Wilmar) 4 से 7 प्रतिशत के बीच गिरे।
आज की गिरावट के साथ, अदाणी ग्रुप का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन अबतक 90,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मंगलवार को कारोबार बंद होने के समय अदाणी ग्रुप का कुल मार्केट कैप ₹15.85 लाख करोड़ था। अदाणी ग्रुप के अधिकतर शेयरों में यह गिरावट का दूसरा दिन है।
कारोबार के अंत में अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 6.81%, अदाणी पोर्ट्स के शेयर 6.47 फीसदी और अदाणी ग्रीन एनर्जी 8.33% टूटकर बंद हुए। वहीं अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस 8.41%, अदाणी पावर 5%, अदाणी विल्मर 4.06% और अदाणी टोटल गैस 9.14% गिरकर बंद हुआ।