Adani Group Stocks: अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी (Gautam Adani) की अगुआई वाले अदाणी ग्रुप के शेयरों में सोमवार 31 जुलाई को जोरदार तेजी देखी गई। ग्रुप की शेयर बाजार में सूचीबद्ध सभी 10 कंपनियों के शेयर हरे निशान में बंद हुए। सबसे अधिक तेजी अदाणी पावर (Adani Power) के शेयरों में देखने को मिली, जो बीएसई पर 5.65 फीसदी की शानदार तेजी के साथ 273.15 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसके बाद सबसे अधिक तेजी एसीसी (ACC) के शेयरों में देखी गई, जो बीएसई पर 3.40 फीसदी बढ़कर 2,016.40 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
ग्रुप के बाकी शेयरों में, अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयर 2.96 फीसदी बढ़कर 778.10 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं एनडीटीवी (NDTV) का शेयर 1.87 की तेजी के साथ 228.85 रुपये के भाव पर बंद हुए। जबकि अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) का शेयर 1.78 फीसदी ऊपर जाकर 462.75 रुपये पर बंद हुआ।
इसके अलावा अदाणी विल्मर (Adani Wilmar) के शेयर 1.29 फीसदी की तेजी के साथ 411.85 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं ग्रुप की सबसे मुख्य कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के शेयरों में 1.21 फीसदी की तेजी आई और यह 2,491.80 रुपये के स्तर पर बंद हुए।
अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) के शेयर सोमवार को 0.85 फीसदी बढ़कर 821.80 रुपये के स्तर पर बंद हुए। वहीं अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) 0.82 फीसदी की बढ़त के साथ 663.4 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) के शेयर 0.12 फीसदी बढ़कर 1,093.10 रुपये के भाव पर बंद हुए।
Hindenburg ने दिया था अदाणी ग्रुप को झटका
अमेरिका की एक फाइनेंशियल फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने इस साल 24 जनवरी को अदाणी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी किया था। इसमें अदाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया गया था। ग्रुप ने इन आरोपों से इनकार किया था लेकिन इसके शेयर झटके को संभाल नहीं सके। इन आरोपों के बाद ग्रुप की कंपनियों के शेयर 83 फीसदी तक टूट गए थे। अभी तक अदाणी ग्रुप की किसी भी कंपनी के शेयर पूरी तरह से रिकवर नहीं हो पाए हैं।