Adani Stocks: अदाणी ग्रुप के शेयर 2.5% तक लुढ़के, अमेरिका में एक और जांच का डर, जानें पूरा मामला

Adani Group Stocks: अदाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार के दौरान 2.5% तक की गिरावट देखने को मिली। यह गिरावट वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें दावा किया गया था कि अमेरिकी जांच एजेंसियां इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या अदाणी ग्रुप की कंपनियों ने गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह के जरिए ईरान से लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) का आयात किया था

अपडेटेड Jun 03, 2025 पर 3:51 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Adani Group Stocks: अदाणी ग्रुप ने वॉल स्ट्रीट की रिपोर्ट को गलत बताते हुए सिरे से खारिज किया है

Adani Group Stocks: अदाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में मंगलवार 3 जून को कारोबार के दौरान 2.5% तक की गिरावट देखने को मिली। यह गिरावट वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के बाद आई, जिसमें दावा किया गया था कि अमेरिकी जांच एजेंसियां इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या अदाणी ग्रुप की कंपनियों ने गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह के जरिए ईरान से लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) का आयात किया था।

हालांकि, अदाणी ग्रुप ने इस रिपोर्ट को गलत बताते हुए सिरे से खारिज किया है। अदाणी समूह के प्रवक्ता ने बयान जारी कर इसे "बेबुनियाद और शरारतपूर्ण" बताया। उन्होंने कहा, "हमें इस विषय पर अमेरिकी अधिकारियों द्वारा किसी भी तरह की जांच की जानकारी नहीं है।"

ग्रुप की सबसे मुख्य कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर शुरुआती कारोबार में 2.2 फीसदी तक लुढ़क गए थे। हालांकि बाद में इसने कुछ भरपाई कि और सुबह 11:27 बजे के करीब, यह 1.2% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।


वहीं अदाणी पोर्ट्स के शेयर शुरुआती कारोबार में 2.5 फीसदी तक लुढ़कने के बाद संभले और 1.6% नीचे कारोबार कारोबार कर रहे थे। अदाणी टोटल गैस, अदाणी पावर, अदाणी ग्रीन और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों में 1% से लेकर 2% तक की गिरावट देखी गई।

इसके मुकाबले निफ्टी इंडेक्स 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। अदाणी एंटरप्राइजेज और अदाणी पोर्ट्स के शेयर इसके टॉप लूजर्स में शामिल रहे।

अदाणी समूह की सफाई

अदाणी समूह ने 2 जून को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में जानकारी दी कि ग्रुप के किसी भी पोर्ट पर ईरान से कोई भी मालवाहक जहाज या कार्गो नहीं हैंडल किया जाता। कंपनी ने कहा, "पॉलिसी के मुताबिक, अपने किसी भी बंदरगाह पर ईरान से आने वाले किसी भी माल का संचालन नहीं करता है। इसमें वे जहाज भी शामिल हैं जो ईरान से आते हैं या ईरानी झंडे के तहत चलते हैं।"

ग्रुप ने आगे कहा कि "हम किसी भी ऐसे जहाज को नहीं हैंडल करते जिसके मालिक ईरानी हों। हमारे सभी बंदरगाहों पर इस नीति का कड़ाई से पालन किया जाता है।"

बयान में कहा गया है, "ऐसे किसी भी सुझाव का खंडन किया जाता है कि अदाणी ग्रुप की संस्थाएं ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों का जानबूझकर उल्लंघन कर रही हैं। हम पर लगाए गए आरोप न केवल अपमानजनक हैं, बल्कि हमारे ग्रुप की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से किए गए लगते हैं। इस संबंध में अदाणी ग्रुप अपने अधिकार सुरक्षित रखता है।"

WSJ रिपोर्ट में क्या कहा गया?

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया था कि उसने खाड़ी देशों और गौतम अदाणी के मुंद्रा पोर्ट के बीच आवाजाही करने वाले कुछ टैंकरों में ऐसी विशेषताएं पाई हैं, जो आम तौर पर प्रतिबंधों से बचने वाले जहाजों में देखे जाते हैं।

स्टॉक्स की स्थिति

इस साल अब तक अदाणी ग्रुप के शेयरों में अदाणी पोर्ट्स सबसे अधिक लाभ में रहा है, जो 16% बढ़ा है। वहीं अदाणी टोटल सबसे अधिक नुकसान में रहा है, जो इस साल अब तक 11% नीचे है।

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में इन 10 वजहों से बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 800 अंक क्रैश, निफ्टी लुढ़ककर 24500 पर आया

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।