Adani ग्रुप की 3 कंपनियों में डिविडेंड पाने का इस हफ्ते आखिरी मौका, 250% तक मिलेगा लाभांश, क्या आपके पास हैं ये स्टॉक?

Adani Group Stocks: अडानी ग्रुप के जो तीन शेयर इस हफ्ते एक्स-डिविडेंड हो रहे हैं, उनमें अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट और अडानी टोटल गैस के शेयर्स शामिल हैं

अपडेटेड Jul 11, 2022 पर 7:05 PM
अडानी पोर्ट्स ने निवेशकों को सबसे अधिक डिविडेंड देने का ऐलान किया है

अडानी ग्रुप (Adani Group) की तीन कंपनियों के शेयर इस हफ्ते 14 जुलाई को एक्स-डिविडेंड हो जाएंगे। एक्स-डिविडेंड का मतलब उस तारीख से होता है, जिसके बाद शेयर खरीदने पर निवेशक को डिविडेंट का लाभ नहीं मिलता है। ऐसे में अगर कोई निवेशक डिविडेंड हासिल करना चाहता है, तो उसे एक्स-डिविडेंड की तारीख से पहले उस शेयर को खरीदना होता है। अडानी ग्रुप के जो तीन शेयर इस हफ्ते एक्स-डिविडेंड हो रहे हैं, उनमें अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट और अडानी टोटल गैस के शेयर्स शामिल हैं।

इन तीनों कंपनियों ने मई महीने में फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया था और इसके लिए 15 जुलाई को रिकॉर्ड डेट तय किया है। ये तीनों कंपनियां वित्त वर्ष 2022 के लिए अपने निवेशकों को 25 फीसदी से 250 फीसदी के बीच में डिविडेंड देंगी। सबसे अधिक डिविडेंड अडानी पोर्ट्स देगी।

अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Adani Enterprises Ltd)

यह अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी है। पिछले एक साल में अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर करीब 60.81 फीसदी बढ़े हैं, जबकि पिछले तीन साल में इसने 1,550.86 फीसदी का भारी रिटर्न दिया है। वहीं पिछले 5 साल में इसके निवेशकों को 1,608 फीसदी रिटर्न मिला है। यह एक लॉर्ज कैप शेयर है, जिसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 2,61,408 करोड़ रुपये है।


यह भी पढ़ें- Retail Inflation: जून में भी 7% के करीब रह सकती है देश की खुदरा महंगाई दर, जानिए डिटेल

शेयर बाजारों को भेजी जानकारी के मुताबिक, अडानी एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 2022 के लिए 1 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 100 फीसदी यानी 1 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का डिविडेंड देने का ऐलान किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 15 जुलाई है। वहीं डिविडेंड का भुगतान 28 जुलाई या उसके बाद शेयरहोल्डरों को किया जाएगा।

अडानी पोर्ट्स (Adani Ports)

अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ), देश की सबसे बड़ी कमर्शियल पोर्ट ऑपरेटर में से एक है। देश का करीब एक चौथाई कार्गो मूवमेंट इसी के पोर्ट्स से होता है। पिछले एक साल में इस शेयर ने 0.56 फीसदी का मामली सकारात्मक रिटर्न दिया है। वहीं पिछले तीन साल में इसने 79.91 फीसदी और पिछले 5 सालों में 92.6 फीसदी का रिटर्न दिया है। यह एक लॉर्ज कैप शेयर है, जिसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 1,51,182 करोड़ रुपये है।

अडानी पोर्ट्स ने वित्त वर्ष 2022 के लिए 2 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 250 फीसदी यानी 5 रुपये का डिविडेंड देने का ऐलान किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 15 जुलाई रखी गई। डिविडेंड का भुगतान 28 जुलाई या उसके बाद किया जाएगा।

अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas)

अडानी टोटल गैस, अडानी ग्रुप और फ्रांस की कंपनी टोटल एनर्जीज के बीच ज्वाइंट वेंचर है। पिछले एक साल में इसके शेयर करीब 175.59 फीसदी बढ़े हैं, जबकि पिछले तीन साल में इसने 1,550.86 फीसदी का भारी रिटर्न दिया है। वहीं पिछले 5 साल में इसके निवेशकों को 3,303 फीसदी रिटर्न मिला है। यह एक लॉर्ज कैप शेयर है, जिसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 270,439 करोड़ रुपये है।

अडानी टोटल गैस ने भी डिविडेंड के भुगतान के लिए 15 जुलाई को रिकॉर्ड डेट किया है। कंपनी 1 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 25 फीसदी या 0.25 पैसे का डिविडेंड देगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।