अदाणी पावर का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा (कंपनी के मालिकों के लिए) 6,919.45 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 2952.78 करोड़ रुपये से 134 प्रतिशत ज्यादा है।ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 44.4 प्रतिशत बढ़कर 19438.68 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 13456.84 करोड़ रुपये था। कंपनी का कहना है कि यह बढ़ोतरी बिजली की मांग में भारी उछाल के कारण अधिक वॉल्यूम, पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) के तहत ऊंचे टैरिफ और बेहतर मर्चेंट रियलाइजेशन की वजह से हुई है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि सितंबर 2026 तिमाही में कुल खर्च 13,158.84 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 10,341.59 करोड़ रुपये के थे। मजबूत ऑपरेटिंग कैश फ्लो और ऑपरेशनल कर्ज के नियंत्रित इस्तेमाल की बदौलत सितंबर 2026 तिमाही के दौरान अदाणी पावर की फाइनेंस कॉस्ट सालाना आधार पर 9.7 प्रतिशत घटकर 760.23 करोड़ रुपये रह गई। एक साल पहले यह 841.63 करोड़ रुपये थी।
FY27 के पहले 6 महीनों में कैसा बिजनेस
अप्रैल-सितंबर 2026 यानि कि वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 6 महीनों के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 38,340.57 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 27,565.99 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 11,725.14 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 छमाही में 6,337.64 करोड़ रुपये था। कुल खर्च 26,180.65 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 छमाही में 20,710.98 करोड़ रुपये के थे। अदाणी पावर ने कहा है कि वह 23,720 मेगावाट की नई थर्मल पावर क्षमता जोड़ने के अपने एक्सपेंशन प्रोग्राम पर तेजी से काम कर रही है।
अदाणी पावर का शेयर गिरावट में बंद
23 अक्टूबर को कंपनी का शेयर BSE पर 1.60 प्रतिशत गिरावट के साथ 182 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 3.50 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर साल 2026 में अब तक 22 प्रतिशत चढ़ा है। 2 साल में कीमत 55 प्रतिशत, 3 साल में 187 प्रतिशत, 5 साल में 675 प्रतिशत और 10 साल में 3100 प्रतिशत मजबूत हुआ है।