Adisoft Tech IPO Listing: आदिसॉफ्ट टेक के शेयरों की आज कमजोर मार्केट में भी NSE SME पर धांसू एंट्री हुई। वहीं दूसरी तरफ इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) तो डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक टूट गए। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 77 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹172 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹205.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 19.19% का लिस्टिंग गेन (Adisoft Tech Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹215.25 (Adisoft Tech Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति आईपीओ निवेशक 25.15% मुनाफे में हैं।
Adisoft Tech IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
आदिसॉफ्ट टेक का ₹74 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 23-27 अप्रैल तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 77.45 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 98.23 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 120.16 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 47.27 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 43.08 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹10.00 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹37.77 करोड़ नई फैक्ट्री यूनिट लगाने, ₹10.00 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
आदिसॉफ्ट टेक इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन सॉल्यूशंस प्रोवाइडर है जो इंडस्ट्रियल प्रोसेसज को ऑटोमेट करने के लिए डिटिजल टेक्नोलॉजी और कंट्रोल सिस्टम से जुड़ी सर्विसेज देती है। यह शॉप फ्लोर इक्विपमेंट्स और प्रोसेसेज को आईटी लेयर के साथ मिलाती है जिससे इंसानी हस्तक्षेप कम या समाप्त हो जाता है। कंपनी के कारोबारी सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹6.08 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹11.76 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹16.11 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 32% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹133.02 करोड़ पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-अक्टूबर 2025 में कंपनी को ₹3.74 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹55.71 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ। अक्टूबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹19.68 करोड़ का कर्ज था तो रिजर्व और सरप्लस में ₹41.02 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।