Coforge Share Price: वैश्विक ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने आईटी सर्विसेज महैया कराने वाली सीएलएसए पर बड़ा दांव लगाया है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि एआई के इस दौर में सबसे अधिक फायदा कोफोर्ज को मिलने वाला है। मंगलवार 19 मई को जारी अपनी रिपोर्ट में ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी की मजबूत ऑर्डर बुक, प्रति एंप्लॉयी रेवेन्यू में उछाल और EBIT मार्जिन में विस्तार से इसे सपोर्ट मिल रहा है। इसका असर आज कोफोर्ज के शेयरों पर भी दिखा और रॉकेट की स्पीड से यह 7% से अधिक उछल पड़ा। फिलहाल बीएसई पर यह 6.59% की बढ़त के साथ ₹1437.30 पर है। इंट्रा-डे में यह 7.29% उछलकर ₹1,446.70 तक पहुंच गया था।
किस भाव तक चढ़ेगा Coforge का शेयर?
ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने कोफोर्ज की हाई-कंविक्शन आउटपरफॉर्म रेटिंग को बरकरार रखा है लेकिन टारगेट प्राइस को ₹2095 से घटाकर ₹2075 कर दिया है। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक यह एआई साइकिल का टॉप बेनेफिशियरी होगी और ऐसा कंपनी के मजबूत ऑर्डर बुक, प्रति एंप्लॉयी रेवेन्यू में उछाल और ईबीआईटी मार्जिन एक्सपेंशन में भी दिखता है।
ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि कोफोर्ज का मैनेजमेंट लगातार पॉजिटिव तरीके से काम कर रही है जो एनकोरा (Encora) के अधिग्रहण के बाद वित्त वर्ष 2027 के लिए EBITDA और EBIT, दोनों के लिए उम्मीद से बेहतर मार्जिन गाइडेंस से दिखता है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि कम मार्जिन और कमजोर वर्किंग कैपिटल वाले भारतीय सरकारी प्रोजेक्ट से बाहर निकलने के फैसले से शुद्ध मुनाफे से फ्री कैश फ्लो में बदलाव के गाइडेंस को बेहतर करने में मदद की है। ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 2027 के लिए इसके EPS (प्रति शेयर कमाई) को 9% और वित्त वर्ष 2028 के लिए 5% बढ़ा दिया है।
सीएलएसए के मुताबिक आईटी सर्विसेज मार्केट में ऐसी मैनेजमेंट टीम की जरूरत है जो ट्रेडिशनल इंसानी सर्विस डिलीवरी मॉडल को बदलकर रिजल्ट और टोकन की खपत से जुड़े मॉडल पर काम करे। सीएलएसए का कहना है कि कोफोर्ज ने अपने साहसिक निवेश और अधिग्रहणों के जरिए इस बदलाव को स्पष्ट रूप से दिखाया है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
कोफोर्ज के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा झटका दिया है। पिछले साल 8 जुलाई 2025 को बीएसई पर यह ₹1,994.00 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 8 महीने में यह 49.42% टूटकर 17 मार्च 2026 को ₹1,008.50 के भाव पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। अब आगे की बात करें तो इसे कवर करने वाले 39 एनालिस्ट्स में से 33 ने इसे खरीदारी, तीन ने होल्ड और तीन ने सेल रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।