एयर इंडिया (Air India) के सीईओ कैंपबेल विल्सन (Campbell Wilson) ने 28 अप्रैल को कहा कि एयरलाइन के 90 प्रतिशत केबिन क्रू और अधिकांश पायलटों ने एयरलाइन द्वारा पेश किए गए नए मुआवजा पैकेज (compensation package ) को स्वीकार कर लिया है। विल्सन ने एयर इंडिया के कर्मचारियों को एक इंटरनल ईमेल में कहा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 90 प्रतिशत केबिन क्रू और अधिकांश पायलटों ने पिछले सप्ताह पेश किए गए नए मुआवजा पैकेज को स्वीकार कर लिया है।" हालांकि, कई पायलटों ने मनीकंट्रोल को बताया कि एयर इंडिया के पायलट, जो इंडियन कमर्शियल पायलट एसोसिएशन (ICPA) और इंडियन पायलट गिल्ड (IPG) का हिस्सा हैं, ने एयरलाइन द्वारा पेश किए गए नए कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) सहित एयर इंडिया के पेरोल पर लगभग 3,000 पायलट और करीब 6,000 केबिन क्रू हैं।
विल्सन का ये ईमेल लगभग 1,500 एयर इंडिया पायलटों द्वारा टाटा संस के सेवामुक्त चेयरमैन रतन टाटा को एक पत्र लिखने के मद्देनजर आया है। इस पत्र में एयरलाइन के प्रस्तावित संशोधित नियमों और सेवा की शर्तों पर उनसे हस्तक्षेप करने की मांग की गई है।
आईसीपीए और आईपीजी ने 21 अप्रैल को संशोधित मुआवजा पैकेज को लेकर एयर इंडिया को कानूनी नोटिस भेजा था।
एयर इंडिया के लिए काम करने वाले एक पायलट ने मनीकंट्रोल को बताया, "पायलटों को नए कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया है। अधिकांश को लगता है कि उनके पास नए डील्स पर हस्ताक्षर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।"
उन्होंने कहा कि नए अनुबंधों पर हस्ताक्षर करने के बावजूद पायलटों को उम्मीद है कि एयरलाइन के टॉप मैनेजमेंट को लिखे अपने पत्र में उनके द्वारा उजागर किए गए मुद्दों पर गौर किया जाएगा।
एयरलाइन के सीईओ ने कर्मचारियों को अपने साप्ताहिक ईमेल में कहा कि एयर इंडिया की इम्प्लीमेंटेशन टीम अगले कुछ हफ्तों में चालक दल की थकान और मौजूदा रोस्टर अस्थिरता के बारे में पूछताछ करना और उनका समाधान करना जारी रखेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि एयर इंडिया अगस्त से केबिन क्रू के लिए जेपसेन रोस्टरिंग टूल्स लागू करेगी।
एयर इंडिया ने 25 अप्रैल को टाउन हॉल मीटिंग की थी लेकिन अपने पायलटों के नए संशोधित पे स्ट्रक्चर के बारे में सवालों का जवाब देने में विफल रही।
एयर इंडिया के एक पायलट ने कहा “एयर इंडिया को विमानन प्रभुत्व के लिए इस महत्वपूर्ण मोड़ पर पायलटों को सुनने की जरूरत है। सुचारू संचालन और मजबूत विकास के लिए प्रबंधन और पायलटों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत है।'
27 अप्रैल को एयर इंडिया ने एक विज्ञापन भी जारी किया जिसमें कहा गया था कि वह 1,000 से अधिक पायलटों को नियुक्त करना चाहती है।