Alkem Laboratories Share Price: फार्मा कंपनी अल्केम लैबोरेटरीज के शेयर में 26 फरवरी को 14 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। हालांकि बाद में यह थोड़ा संभल गया। ऐसी खबर है कि आयकर विभाग की जांच में कंपनी की ओर से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी किए जाने का खुलासा हुआ है। सितंबर 2023 में, आयकर विभाग ने अल्केम लैब्स के बड़ी टैक्स चोरी करने के संकेत मिलने के बाद कंपनी के कार्यालयों और परिसरों में सर्वे शुरू किया था। संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज करने और बाद के महीनों में आयकर विभाग की ओर से कंपनी के डेटा और बैलेंस शीट की स्क्रूटनी के साथ यह जांच आगे बढ़ी।
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि आयकर विभाग ने पाया है कि अल्केम लैबोरेटरीज ने सिक्किम में अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के लिए कथित तौर पर फर्जी और अत्यधिक डिडक्शन किए हैं। ऐसे डिडक्शंस की वैल्यू 1,000 करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा किया गया है। रिपोर्ट है कि आयकर विभाग की आगे की जांच से पता चला कि अल्केम लेबोरेटरीज अपनी दवाओं को मरीजों को लिखे जाने के बदले डॉक्टरों और मेडिकल प्रैक्टिशनर्स को भुगतान कर रही थी। यह पेमेंट सैकड़ों करोड़ का है।
किस लो तक गया अल्केम लैब्स का शेयर
Alkem Laboratories का शेयर 26 फरवरी को बीएसई पर मामूली बढ़त के साथ 5421.65 रुपये पर खुला। लेकिन फिर यह पिछले बंद भाव से 14 प्रतिशत का गोता लगाते हुए 4652.95 रुपये के लो तक आ गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 6.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5060.30 रुपये पर सेटल हुआ। अल्केम लैब्स शेयर के लिए 52 सप्ताह का उच्च स्तर 5,519.10 रुपये और निचला स्तर 2,835.05 रुपये है। शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 5,961.55 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 4,606.70 रुपये है। सर्किट लिमिट 10 प्रतिशत है। पिछले एक साल में अल्केम लैब्स के स्टॉक ने 66 प्रतिशत की तेजी देखी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।