Anondita Medicare IPO Listing: 'कोबरा' ब्रांड की फ्लेवर्ड मेल कॉन्डोम बनाने वाली अनोंदिता मेडिकेयर के शेयरों की आज NSE SME पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 300 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹145 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹275.50 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90% का लिस्टिंग गेन (Anondita Medicare Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹289.25 (Anondita Medicare Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशकों का पैसा लगभग डबल हो चुका है।
Anondita Medicare IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
अनोंदिता मेडिकेयर का ₹69.50 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 22-26 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 300.89 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 153.03 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 531.82 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 286.20 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 47.93 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹6 करोड़ इक्विपमेंट और मशीनरी की खरीदारी में, ₹35 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे अधिग्रहण और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Anondita Medicare के बारे में
मार्च 2024 में बनी अनोंदिता मेडिकेयर कोबरा ब्रांड की फ्लेवर्ड मेल कॉन्डोम बनाती है। यह सालाना 56.2 करोड़ कॉन्डोम बनाती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी यूपी के नोएडा में स्थित है। भारत के साथ-साथ इसके प्रोडक्ट्स का निर्यात दक्षिण-पूर्व एशिया, अफ्रीका और मिडिल ईस्ट को भी होता हो। कंपनी दुनिया भर के स्वास्थ्य संगठनों, एनजीओ और सरकारों के साथ साझेदारी में फैमिली प्लानिंग और पल्बिक हेल्थ से जुड़े कार्यक्रम चलाती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹35 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹3.84 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹16.42 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 46% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹77.13 करोड़ पर पहुंच गई। हालांकि इस दौरान कंपनी पर कर्ज भी लगातार बढ़ा जोकि वित्त वर्ष 2023 के आखिरी में ₹22.66 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 के आखिरी में ₹24.01 करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 के आखिरी में ₹27.39 करोड़ पर पहुंच गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।