Tata की डील से जो स्टॉक 2 दिन में 33% टूटा, अब उसमें आ सकती है 49% की तेजी

Tata Steel डील की चिंता में APL Apollo Tubes का शेयर शुक्रवार के बंद से करीब 33 फीसदी टूट चुका है। इसके बावजूद Motilal Oswal ने BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए 2220 रुपये का टारगेट दिया है

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 2:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
APL Apollo Tubes पर Motilal Oswal बुलिश

Tata Steel के कंट्रोलिंग स्टेक खरीदने के प्रस्ताव को लेकर बढ़ती चिंता के बीच APL Apollo Tubes के शेयरों में भारी बिकवाली जारी है। बुधवार, 25 नवंबर को सुबह के कारोबार में शेयर 15 फीसदी टूटकर दिन के दूसरे लोअर सर्किट पर पहुंच गया और 1419.5 रुपये पर फिसल गया। हालांकि, बाद में शेयर थोड़ा संभला और  दोपहर 2:08 तक 1488 रुपये पर कारोबार कर रहा था. इस गिरावट के बीच ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal ने शेयर पर BUY रेटिंग दोहराई है और 2220 रुपये का टारगेट दिया है।

शुक्रवार से अब तक 33% टूटा शेयर

25 नवंबर की गिरावट के साथ शुक्रवार के बंद स्तर से अब तक शेयर करीब 33 फीसदी टूट चुका है। इससे पहले सोमवार को अधिग्रहण के ऐलान के बाद भी शेयर 21.2 फीसदी गिरा था। इस बिकवाली से साल-दर-साल आधार पर शेयर का नुकसान बढ़कर 27.9 फीसदी हो गया है। इसी दौरान बेंचमार्क Nifty 50 में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट है, यानी शेयर बाजार के मुकाबले काफी पीछे छूट गया है।


Motilal Oswal को क्यों दिख रहा 49% अपसाइड

Motilal Oswal के टारगेट को अगर CMP पर देखें तो वो 49.2 फीसदी ऊपर है। 25 नवंबर के 1419.5 रुपये के स्तर से देखें तो ये फासला 56.4 फीसदी का बनता है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि FY26 से FY28 के बीच कंपनी का रेवेन्यू 17 फीसदी, EBITDA 18 फीसदी और PAT 21 फीसदी की CAGR से बढ़ेगा।

ब्रोकरेज के मुताबिक Tata Steel का साथ मिलने से APL Apollo Tubes के ब्रांड की साख बढ़ेगी और ग्राहकों का भरोसा मजबूत होगा। कंपनी को Tata Steel के बड़े डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, इंडस्ट्री रिश्तों और डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स तक पहुंच भी मिलेगी। ऑपरेशनल सिनर्जी का फायदा मिलने की उम्मीद भी है।

लेकिन Motilal Oswal ने एक जोखिम भी गिनाया है। करीब 10000 करोड़ रुपये के कर्ज की बड़ी जरूरत आने वाले कुछ वक्त तक बैलेंस शीट पर बोझ बनी रह सकती है।

28000 करोड़ में Tata Steel के दो बिजनेस खरीदेगी कंपनी

करीब 65 फीसदी मार्केट शेयर के साथ APL Apollo Tubes देश की स्ट्रक्चरल स्टील ट्यूब इंडस्ट्री की मार्केट लीडर है। 11 से ज्यादा प्लांट्स में इसकी कैपेसिटी 5 मिलियन टन सालाना है। अब कंपनी Tata Steel का ट्यूब्स और मेटल एंड कोटेड स्टील बिजनेस 28000 करोड़ रुपये में खरीदेगी। इसमें 1.7 मिलियन टन वाला ट्यूब्स बिजनेस 11700 करोड़ रुपये का और 0.8 मिलियन टन वाला मेटल एंड कोटेड स्टील बिजनेस 16300 करोड़ रुपये का है। इससे कंपनी की कुल कैपेसिटी 7.5 मिलियन टन सालाना हो जाएगी।

FY26 में ट्यूब्स बिजनेस का टर्नओवर 11375 करोड़ रुपये रहा, जो APL Apollo Tubes के कंसोलिडेटेड रेवेन्यू का करीब 49 फीसदी है। Tata Steel Colors का टर्नओवर 4680 करोड़ रुपये रहा, जो करीब 20 फीसदी के बराबर है। दोनों का मिला हुआ EBITDA 1100 करोड़ रुपये है, यानी डील करीब 25 गुना डील वैल्यू/EBITDA पर हो रही है। मैनेजमेंट के मुताबिक Tata Steel Colour की 7.5 लाख टन सालाना कैपेसिटी करीब 90 फीसदी इस्तेमाल पर चल रही है। इसे खरीदकर कंपनी नया प्लांट लगाने के 2 से 3 साल और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क खड़ा करने के 5 से 10 साल बचा लेगी।

शुरुआत में ये अधिग्रहण कर्ज से फंड होगा। मैनेजमेंट के मुताबिक 28000 करोड़ रुपये में से करीब 10000 करोड़ रुपये कर्ज से आएंगे और बाकी 18000 करोड़ रुपये 12 महीने में इक्विटी के जरिए जुटाए जाएंगे। लॉन्ग टर्म में कंपनी कर्ज मुक्त बनने की तरफ बढ़ेगी।

Tata Steel बनेगी प्रमोटर, 2301.4 रुपये पर ओपन ऑफर

डील का दूसरा हिस्सा कंपनी का कंट्रोल ही बदल देगा। Tata Steel, APL Apollo Tubes के प्रमोटर संजय गुप्ता से जुड़ी S Gupta Holding से 26.38 फीसदी हिस्सेदारी 2100 रुपये प्रति शेयर पर तीन किस्तों में खरीदेगी। पहली किस्त में 2.77 करोड़ शेयर (करीब 9.9 फीसदी) 23 नवंबर को ब्लॉक डील से खरीदे जा चुके हैं। दूसरी किस्त में 3.33 करोड़ शेयर (करीब 11.90 फीसदी) ऑफ मार्केट जाएंगे और बाकी 1.28 करोड़ शेयर (करीब 4.57 फीसदी) 31 मार्च 2028 से पहले ट्रांसफर होंगे।

इसके बाद Tata Steel 2301.4 रुपये प्रति शेयर पर 26 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर लाएगी और कंपनी की मेजॉरिटी शेयरहोल्डर व प्रमोटर बन जाएगी। कानून के मुताबिक वो बोर्ड में डायरेक्टर भी नामित कर सकेगी। दोनों ट्रांजैक्शन के लिए CCI समेत रेगुलेटरी मंजूरी और शेयरहोल्डर्स की हरी झंडी जरूरी है। संजय गुप्ता बोर्ड में बने रहेंगे या चेयरमैन बनेंगे, ये अभी तय नहीं है।

15.5 मिलियन टन तक जा सकती है कैपेसिटी

कंपनी की मौजूदा 5 मिलियन टन सालाना कैपेसिटी अपने दम पर 8 मिलियन टन तक जाने की उम्मीद है। इसमें 2 मिलियन टन गोरखपुर, सिलीगुड़ी, मालूर और वेस्टर्न कोस्टल इलाके में ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड विस्तार से आएगा। बाकी 1 मिलियन टन प्लांट मॉडर्नाइजेशन और पुरानी मिलों की जगह तेज और ज्यादा कुशल मिलें लगाने जैसे कदमों से जुड़ेगा।

Tata Steel ने संजय गुप्ता की अगुवाई वाली SG Spectra के साथ MoU भी साइन किया है, जिसके तहत SG Group 5 मिलियन टन तक कलर कोटेड स्टील की कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग करेगा। इन सबको जोड़ें तो कंपनी की संभावित कैपेसिटी 15.5 मिलियन टन सालाना तक पहुंच सकती है और ये ग्लोबल लेवल पर बड़ी डाउनस्ट्रीम स्टील प्लेयर बन सकती है। मैनेजमेंट ये सफर अगले 5 से 6 साल में पूरा होता देख रहा है।

लॉन्ग टर्म में APL Apollo Tubes और Tata Steel का मिला हुआ बिजनेस 1.027 लाख करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 10000 करोड़ रुपये का EBITDA कमा सकता है। FY26 में ये आंकड़े करीब 39100 करोड़ रुपये और 3000 करोड़ रुपये थे। EBITDA प्रति टन भी मौजूदा 5500 से 6000 रुपये से बढ़कर 7000 से 8000 रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।

Trading Plan : रुपये में मजबूती और कच्चे तेल में नरमी से बाजार में जोश, जानिए कल के लिए क्या हो ट्रेडिंग रणनीति

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।