Flipkart CEO Kalyan Krishnamurthy Quits: वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी Flipkart में एक दशक से ज्यादा लंबे नेतृत्व दौर का अंत होने जा रहा है। कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर कल्याण कृष्णमूर्ति 11 साल से अधिक समय तक कंपनी से जुड़े रहने के बाद पद छोड़ने जा रहे हैं। उनके कार्यकाल के दौरान फ्लिपकार्ट का कारोबार पांच गुना से भी ज्यादा बढ़ा।
फ्लिपकार्ट ने 25 नवंबर को उनके जाने की आधिकारिक घोषणा की। कंपनी ने बताया कि वह आने वाले हफ्तों में उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा करेगी। अंतरिम रूप से मौजूदा चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CPTO) बालाजी त्यागराजन और फ्लिपकार्ट बोर्ड संगठन का नेतृत्व करेंगे।
कल्याण कृष्णमूर्ति और वॉलमार्ट नेतृत्व ने क्या कहा?
पद छोड़ने के ऐलान पर कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा, 'फ्लिपकार्ट की यात्रा का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। हमने जिस पैमाने का कारोबार खड़ा किया है, उस पर मुझे गर्व है, लेकिन उतना ही गर्व इस बात पर भी है कि हमने इसे किस तरह बनाया। मजबूत नैतिकता, ईमानदारी और गवर्नेंस के उच्च मानक फ्लिपकार्ट की ग्रोथ के केंद्र में रहे हैं'।
उन्होंने आगे कहा, 'हमारी टीम ने लाखों भारतीयों के खरीदारी करने के तरीके को बदलने, विकल्प बढ़ाने और देशभर के विक्रेताओं, उद्यमियों व व्यवसायों के लिए अवसर पैदा करने में मदद की है। मैं इस सफर का हिस्सा रहे सहयोगियों, विक्रेताओं और साझेदारों का आभारी हूं। फ्लिपकार्ट की नींव मजबूत है और इसका भविष्य रोमांचक है, मैं टीम को हर सफलता के लिए शुभकामनाएं देता हूं'।
वहीं, Walmart International के प्रेसिडेंट और सीईओ क्रिस निकोलस ने कहा, 'कल्याण की वजह से फ्लिपकार्ट और वॉलमार्ट दोनों बेहतर बने हैं। हम उनके नेतृत्व, उनके द्वारा स्थापित गवर्नेंस और कंपनी में उनके कई योगदानों के लिए आभारी हैं। जब वह अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ रहे हैं, तो हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं'।
2013 से शुरू हुआ सफर और 5 गुना ग्रोथ का दौर
कल्याण कृष्णमूर्ति 2013 में फ्लिपकार्ट से जुड़े थे और जनवरी 2017 में कंपनी के सीईओ बने। इसके बाद 2018 में वह ग्रुप सीईओ बने और वॉलमार्ट द्वारा ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस में बहुलांश हिस्सेदारी के 16 अरब डॉलर के अधिग्रहण के बाद कंपनी के ट्रांजिशन की निगरानी की।
उनके नेतृत्व में फ्लिपकार्ट ने अपने ई-कॉमर्स ऑपरेशंस का विस्तार किया, भारत के ऑनलाइन रिटेल मार्केट में अपनी स्थिति मजबूत की और फैशन, ट्रैवल तथा फिनटेक सेक्टर में कारोबार खड़ा किया। कंपनी की सालाना फेस्टिव सेल The Big Billion Days भी देश के सबसे बड़े ऑनलाइन शॉपिंग इवेंट्स में से एक बन गई।
IPO की तैयारी और क्विक कॉमर्स की जंग के बीच बड़ा बदलाव
यह नेतृत्व परिवर्तन ऐसे समय में हो रहा है जब फ्लिपकार्ट मुनाफा हासिल करने और संभावित IPO की तैयारी के साथ अपने कारोबार के एक अहम दौर से गुजर रहा है। Amazon, Meesho और क्विक-कॉमर्स कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच कंपनी Flipkart Minutes के जरिए क्विक कॉमर्स जैसे नए सेगमेंट में भी तेजी से विस्तार कर रही है।
वॉलमार्ट ने कहा कि वह फ्लिपकार्ट और भारत में इसके दीर्घकालिक अवसरों के प्रति प्रतिबद्ध है और कंपनी के पास बाजार में मजबूत स्थिति व आगे बढ़ने के बड़े मौके मौजूद हैं। वर्ष 2007 में स्थापित फ्लिपकार्ट के पास 50 करोड़ से अधिक रजिस्टर्ड यूजर्स और Shopsy सहित 14 लाख से ज्यादा सेलर्स का नेटवर्क है। इसके ग्रुप बिजनेस में Myntra, Flipkart Wholesale, Cleartrip और super.money शामिल हैं।