APL Apollo Tubes में लोअर सर्किट, Tata Steel भी 6% टूटा, 32266 करोड़ की डील के बाद Tata Steel बनेगी प्रमोटर
Tata Steel ने APL Apollo Tubes में कंट्रोलिंग हिस्सा खरीदने का ऐलान किया, जिसके बाद APL Apollo के शेयर 16 फीसदी टूटकर 1782 रुपये के लोअर सर्किट पर आ गए। Tata Steel का शेयर भी 6 फीसदी गिरकर 165 रुपये पर आ गया। ओपन ऑफर समेत ये पूरी डील 32266 करोड़ रुपये तक की हो सकती है
APL Apollo के शेयर 10 फीसदी टूटकर 1910 रुपये के लोअर सर्किट पर आ गए।
Tata Steel के एक बड़े ऐलान के बाद सोमवार 23 नवंबर को APL Apollo Tubes के शेयर शुरुआती कारोबार में 16 फीसदी टूटकर लोअर सर्किट पर आ गए। Tata Steel ने APL Apollo में कंट्रोलिंग हिस्सा खरीदने की योजना बताई है, और मैंडेटरी ओपन ऑफर समेत ये सौदा 32266 करोड़ रुपये तक का हो सकता है। इस खबर के बीच Tata Steel के शेयर भी 6 फीसदी फिसल गए।
1910 रुपये पर लोअर सर्किट
शुरुआती कारोबार में APL Apollo Tubes का शेयर पिछले बंद भाव से 16 फीसदी गिरकर 1782 रुपये पर आ गया और इसमें लोअर सर्किट लग गया। Tata Steel का शेयर 6 फीसदी टूटकर 165 रुपये पर पहुंच गया।
ये तेज गिरावट ऐसे वक्त आई, जब APL Apollo के 2.77 करोड़ शेयरों की एक बड़ी ब्लॉक डील हुई। ये शेयर कंपनी की करीब 10 फीसदी इक्विटी के बराबर हैं। इनका सौदा 2100 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ और पूरी डील 5825 करोड़ रुपये की रही। इससे पहले सुबह ही Tata Steel ने बताया था कि वो APL Apollo की एक प्रमोटर ग्रुप एंटिटी से कई किस्तों में शेयर खरीदेगी।
इस गिरावट के बाद APL Apollo का शेयर साल 2026 में अब तक 0.8 फीसदी के नुकसान में आ गया है, जबकि Tata Steel इस साल 4.5 फीसदी नीचे है। Nifty 50 इस साल करीब 1 फीसदी गिरा है। मौजूदा भाव पर APL Apollo Tubes का मार्केट कैप करीब 53700 करोड़ रुपये है, वहीं Tata Steel का मार्केट कैप 2.13 लाख करोड़ रुपये है।
प्रमोटर से 26.38 फीसदी, ओपन ऑफर से 26 फीसदी और हिस्सा
Tata Steel ने सोमवार को APL Apollo Tubes में 26.38 फीसदी तक हिस्सा खरीदने का करार किया। ये हिस्सा प्रमोटर ग्रुप एंटिटी S Gupta Holding Private Limited से करीब 15511 करोड़ रुपये में खरीदा जाएगा।
ये खरीद मैंडेटरी ओपन ऑफर को ट्रिगर करेगी। ओपन ऑफर में Tata Steel 26 फीसदी और हिस्सा 2301.40 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदने की पेशकश करेगी, जिस पर 16756 करोड़ रुपये तक खर्च हो सकते हैं। प्रमोटर से खरीद और ओपन ऑफर मिलाकर कुल खर्च 32266 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। अगर ओपन ऑफर पूरी तरह सब्सक्राइब होता है, तो APL Apollo में Tata Steel की हिस्सेदारी 52.38 फीसदी हो जाएगी।
ओपन ऑफर का भाव बाजार भाव से 20.5 फीसदी ऊपर
ओपन ऑफर के लिए तय 2301.40 रुपये का भाव, प्रमोटर के साथ तय हुए 2100 रुपये के भाव से 9.6 फीसदी ज्यादा है। सोमवार सुबह के बाजार भाव 1910 रुपये से तुलना करें तो ये करीब 20.5 फीसदी ऊपर है। मतलब जिस वक्त बाजार में शेयर 1910 रुपये पर लोअर सर्किट में अटका था, उसी शेयर के लिए ओपन ऑफर का भाव हर शेयर पर 391.40 रुपये ज्यादा रखा गया है।
3 किस्तों में होगी 7.39 करोड़ शेयरों की खरीद
Tata Steel ये हिस्सा एक बार में नहीं, बल्कि 3 किस्तों में खरीदेगी। कुल मिलाकर कंपनी APL Apollo के 7.39 करोड़ तक शेयर लेगी।
पहली किस्त में 2.77 करोड़ शेयर ब्लॉक डील के जरिए खरीदे जाएंगे, जो एक्सपैंडेड वोटिंग कैपिटल का 9.91 फीसदी हैं। सोमवार सुबह हुई ब्लॉक डील में भी इतने ही शेयरों ने हाथ बदले। ये शेयर डीमैट एस्क्रो में रखे जाएंगे और इस दौरान Tata Steel को इन पर वोटिंग का अधिकार नहीं मिलेगा।
दूसरी किस्त में 3.33 करोड़ शेयर यानी 11.90 फीसदी हिस्सा ऑफ मार्केट ट्रांसफर के जरिए लिया जाएगा, जो रेगुलेटरी मंजूरियों पर निर्भर करेगा। आखिरी किस्त में 1.28 करोड़ शेयर यानी 4.57 फीसदी हिस्सा 31 मार्च 2028 तक ट्रांसफर होना है, और ये कुछ शर्तों के साथ होगा।
Tata Steel बनेगी प्रमोटर
इस लेन-देन के बाद Tata Steel, APL Apollo Tubes की प्रमोटर बन जाएगी। मौजूदा प्रमोटर ग्रुप का इरादा पब्लिक शेयरहोल्डर के तौर पर रीक्लासिफिकेशन मांगने का है, जो रेगुलेटरी जरूरतों पर निर्भर करेगा।
22 नवंबर को हुआ था दूसरा करार
हिस्सेदारी खरीद का ये ऐलान 22 नवंबर को हुए एक करार के बाद आया है। उस करार के तहत APL Apollo, Tata Steel का ट्यूब्स बिजनेस और Tata Steel Colors में उसकी पूरी हिस्सेदारी खरीदेगी। इसके लिए APL Apollo 28000 करोड़ रुपये तक कैश में चुकाएगी।
मतलब सौदा दोनों तरफ से चल रहा है। एक तरफ Tata Steel, APL Apollo में बड़ा हिस्सा खरीदकर उसकी मेजॉरिटी शेयरहोल्डर बन सकती है, तो दूसरी तरफ अपने 2 कारोबार इसी कंपनी को सौंप रही है। ये दोनों लेन-देन मिलकर APL Apollo के मालिकाना हक और कामकाज की तस्वीर बदल देंगे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।