Welspun Living Share Price: वेलस्पन लिविंग के शेयरों को आज ₹3200 करोड़ के कैपेक्स प्लान ने काफी हद तक ढहने से संभाल लिया। कंपनी के बोर्ड ने पूरी तरह से अपनी मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी वेलस्पन होम सॉल्यूशंस में ₹3200 करोड़ तक के कैपिटल एक्सपेंडिचर को मंजूरी दी है। यह निवेश मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को बढ़ाने और बैकवर्ड इंटीग्रेशन को मजबूत करने के लिए होना है। कंपनी ने इसकी जानकारी 21 नवंबर की शाम एक्सचेंज फाइलिंग में दी थी। अब आज मार्केट खुलने पर कमजोर मार्केट सेंटिमेंट और एक कारोबारी दिन पहले एक साल के हाई पर पहुंचने के बाद मुनाफावसूली के दबाव में बीएसई पर यह 0.35% की गिरावट के साथ ₹268.25 पर है। इंट्रा-डे में यह 2.67% टूटकर ₹262.00 तक आ गया था, जिससे इसने तेजी से रिकवरी की।
Welspun Living का क्या है पूरा प्लान, कहां से आएगा पैसा
वेलस्पन लिविंग के बोर्ड ने मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने और बैकवर्ड इंटीग्रेशन को मजबूत करने के लिए पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी वेल्सपन होम सॉल्यूशंस में ₹3,200 करोड़ तक के कैपिटल एक्सपेंडिचर को मंजूरी दी है। इस निवेश से टेरी टॉवेल बनाने की क्षमता 29 हजार टन बढ़ जाएगी तो नई स्पिनिंग और वीविंग फैसिलिटी भी जोड़ी जाएंगी। इसके अलावा एक आरएंडडी बनाने की भी योजना है।
इस विस्तार की फंडिंग के लिए वेलस्पन लिविंग सब्सिडियरी में ₹800 करोड़ तक का निवेश करेगी। यह निवेश एक या अधिक किश्तों में नॉन-कम्यूलेटिव, ऑप्शनली कंवर्टिबल रिडीमेबल प्रेफरेंस शेयर्स (NCOCRPS) या ऑप्शनली कंवर्टिबल डिबेंचर्स (OCDs) के जरिए होगा। इसके अलावा बाकी के ₹2,400 करोड़ सब्सिडियरी बैंकों और वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेकर जुटाएगी। यह कैपिटल एक्सपेंडिचर दिसंबर 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
वेलस्पन लिविंग के शेयरों ने ताबड़तोड़ कमाई कराई है। 30 मार्च 2026 को यानी पिछले वित्त वर्ष 2026 के आखिरी कारोबारी दिन बीएसई पर यह ₹107.40 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 8 ही महीने में यह 155.12% उछलकर एक कारोबारी दिन पहले 20 नवंबर को ₹274.00 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।