Asian Paints share price: एशियन पेंट्स के मार्च तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजों के बावजूद आज के कारोबार में स्टॉक लगभग 1 फीसदी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। हालांकि ब्रोकरेज से स्टॉक को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। ब्रोकरेज पेंट मार्केट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को लेकर चिंतित हैं। चौथी तिमाही में इस पेंट बनाने वाली कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 44 फीसदी की बढ़त के साथ 1258 करोड़ रुपये पर रहा है। हालांकि इसके 1160 करोड़ रुपये पर रहने का अनुमान किया गया था। 31 मार्च 2023 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी की आय 8787 करोड़ रुपए पर रही है। जबकि इसके 8600 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया था।
चौथी तिमाही में एशियन पेंट्स का ऑपरेटिंग मार्जिन 21.2 फीसदी पर रहा जो पूर्वानुमान से 180 बेसिस प्वाइंट ज्यादा है। कच्चे माल की कीमतों में गिरावट के चलते कंपनी के मार्जिन में बढ़त देखने को मिली है। चौथी तिमाही में सबसे बड़ा इजाफा वॉल्यूम के मोर्चे पर देखने को मिला है। इस अवधि में कंपनी के वॉल्यूम में 16 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है जो तीन तिमाहियों में सबसे अधिक थी। जबकि विश्लेषकों ने वॉल्यूम में 7-10 फीसदी ग्रोथ का अंदाजा लगाया था।
ब्रोकरेज फर्मों का मिलाजुला नजरिया
इन मजबूत आंकड़ों के बावजूद ब्रोकरेज फर्मों का इस शेयर पर मिलाजुला नजरिया है। मैक्वेरी ने कंपनी के सेक्टर-लीडिंग सेल्स और वित्त वर्ष 2024 में मजबूत प्रदर्शन करने के विश्वास को देखते हुए 3,700 रुपये प्रति शेयर का लक्ष्य देते हुए इस स्टॉक को "आउटपरफॉर्म" रेटिंग दी है।
इसके विपरीत जेफ़रीज़ ने एशियन पेंट्स को 2500 रुपये के लक्ष्य के साथ "अंडरपरफॉर्म" रेटिंग दी है। जेफ़रीज़ का कहना है कि चौथी तिमाही के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद इसके लिए बढ़ती प्रतिस्पर्धा का जोखिम बना हुआ है।
उधर मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley) ने 2546 रुपये प्रति शेयर के टार्गेट प्राइस के साथ इस स्टॉक को "अंडरवेट" रेटिंग दी है। इसके विश्लेषकों का कहना है कि ग्रोथ पर कंपनी के प्रबंधन का आक्रामक रवैया पॉजिटिव फैक्टर है। लेकिन 18-20 फीसदी की दर से ऑपरेटिंग मार्जिन ग्रोथ का लक्ष्य आसान नहीं दिख रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।