Ather Energy Shares: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट की कंपनी एथर एनर्जी (Ather Energy) के शेयरों पर ब्रोकरेज फर्म एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज (Emkay Global Financial Services) ने एक बार फिर बड़ा दांव लगाया है। पिछले एक साल में करीब 200% की जोरदार तेजी दिखाने के बावजूद ब्रोकरेज का मानना है कि इस स्टॉक में अभी भी आगे बढ़ने की काफी गुंजाइश है।
32% तक और चढ़ सकता है शेयर
एमके ने एथर एनर्जी पर अपनी “बाय” रेटिंग बरकरार रखते हुए इसका टारगेट प्राइस 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,150 रुपये कर दिया है। यह नया टारगेट मौजूदा स्तरों से करीब 32% के संभावित उछाल की ओर इशारा करता है, जो निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर माना जा रहा है।
ब्रोकरेज का कहना है कि ऑटो सेक्टर में इलेक्ट्रिफिकेशन की दिशा में एक बड़ा बदलाव आने वाला है। एमके के मुताबिक, यह बदलाव 1990 के दशक में स्कूटर से मोटरसाइकिल की ओर हुए ट्रांजिशन जैसा ही एक स्ट्रक्चरल बदलाव होगा, जो लंबे समय तक जारी रह सकता है।
तेल संकट से और तेज होगी EV की मांग
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के कारण एनर्जी की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे ईंधन की कीमतें बढ़ने की आशंका है। ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग और तेजी से बढ़ सकती है, जिसका सीधा फायदा एथर एनर्जी जैसी कंपनियों को मिलेगा।
भविष्य के अनुमान भी बढ़ाए
ब्रोकरेज ने एथर एनर्जी के लिए वित्त वर्ष 2027 और 2028 के वॉल्यूम अनुमान को क्रमशः 2.6% और 4.6% तक बढ़ा दिया है। यह संकेत देता है कि कंपनी के ग्रोथ आउटलुक को लेकर ब्रोकरेज और ज्यादा पॉजिटिव हो गया है।
सेक्टर में TVS मोटर भी पसंद
एथर के अलावा एमके को TVS मोटर कंपनी भी इस सेगमेंट में पसंद है, खासकर बदलती ग्राहकों की बदली पंसद को पकड़ने की इसकी क्षमता के कारण।
सभी एनालिस्ट ‘Buy’ के पक्ष में
एथर एनर्जी के शेयर को कवर करने वाले सभी 9 एनालिस्ट्स ने इस स्टॉक पर “बाय” रेटिंग दी हुई है। हालांकि, इन सभी एनालिस्ट्स का कंसेंसस टारगेट यानी औसत टारगेट प्राइस इस शेयर में मौजूदा स्तर से औसतन 3.5% की उछाल की संभाव दिखाता है। एमके ग्लोबल का 1,150 रुपये का टारगेट प्राइस इसे मिला सबसे ऊंचा टारगेट है।
एथर एनर्जी के शेयर बुधवार को 4% गिरकर 871.8 रुपये पर बंद हुआ। इसके बावजूद, साल 2026 में अब तक यह शेयर करीब 20% चढ़ चुका है, जबकि पिछले 12 महीनों में इसमें लगभग 190% की शानदार तेजी देखी गई है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।