AU Small Finance Bank Share Price: दिग्गज ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक को मिड-साइज प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर में अपनी 'टॉप पिक' बताया है। बैंक के शानदार चौथी तिमाही (Q4FY26) के नतीजों के बाद ब्रोकरेज ने इस पर अपनी 'BUY' रेटिंग बरकरार रखी है। मंगलवार, 28 अप्रैल को बैंक के शेयर में करीब 1% की तेजी देखी गई।
मुनाफे में 65% का जोरदार उछाल
बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। नेट प्रॉफिट (PAT) सालाना आधार पर 65% बढ़कर ₹832 करोड़ रहा। वहीं नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 23% की ग्रोथ के साथ ₹2,582 करोड़ दर्ज की गई। FY26 के लिए बैंक का मुनाफा 25% बढ़कर ₹2,641 करोड़ पर पहुंच गया।
मार्जिन में सुधार के साथ कम हुआ रिस्क
ब्रोकरेज के मुताबिक, बैंक की सफलता के पीछे मुख्य वजह मार्जिन में विस्तार और क्रेडिट लागत में कमी है। बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन पिछली तिमाही के मुकाबले 24 बेसिस पॉइंट बढ़कर 5.96% हो गया। फंड की कम लागत और बेहतर एसेट मिक्स से मार्जिन को सहारा मिला। Q4 में क्रेडिट लागत तेजी से घटकर 0.6% रह गई, जो बैंक की मजबूत रिकवरी को दिखाता है।
इसके साथ ही बैंक की एसेट क्वालिटी पहले से और बेहतर हुई है। Gross NPA घटकर 2.03% पर और Net NPA अब महज 0.74% पर आ गया है। डिपॉजिट सालाना आधार पर 23% की बढ़त के साथ ₹1.52 लाख करोड़ हो गई।
22% तक चढ़ सकता हैशेयर का भाव
मोतीलाल ओसवाल ने AU बैंक के शेयर के लिए ₹1,275 का लक्ष्य तय किया है। सोमवार को यह शेयर ₹1,040.50 पर बंद हुआ था, जिसका मतलब है कि मौजूदा स्तरों से इसमें 22% तक की बढ़त की संभावना है। पिछले एक महीने में ही यह स्टॉक 23% से ज्यादा चढ़ चुका है।
यूनिवर्सल बैंक की ओर बढ़ा रहा कदम
AU बैंक केवल स्मॉल फाइनेंस बैंक तक सीमित नहीं रहना चाहता। ब्रोकरेज का मानना है कि, बैंक अब एक 'यूनिवर्सल बैंक' बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। AI प्लेटफॉर्म और कोर बैंकिंग सिस्टम के एकीकरण पर भारी निवेश किया जा रहा है।मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि FY27-28 के दौरान बैंक का मुनाफा 35% की सालाना दर (CAGR) से बढ़ेगा।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।