Bajaj Auto Share Price: दोपहिया और तिपहिया सेक्टर की दिग्गज कंपनी बजाज ऑटो के लिए चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही मार्केट की उम्मीदों से अधिक बेहतर रही। मजबूत मांग पर कंपनी का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 18 फीसदी उछलकर 1988 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं मनीकंट्रोल ने सात ब्रोकरेज के बीच जो पोल कराया था, उसमें 1965 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट का अनुमान लगाया गया था। हालांकि इस शानदार नतीजे के बावजूद कुछ ब्रोकरेज इसे लेकर बुलिश नहीं हो पा रहे हैं। यूबीएस, मैक्वायरी और सीएलएसए इसे लेकर बेयरेश हैं। कमजोर आउटलुक पर बजाज ऑटो के शेयर 4 फीसदी से अधिक टूट गए। आज BSE पर यह 0.85 फीसदी की गिरावट के साथ 9625.70 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.25 फीसदी फिसलकर 9295.50 रुपये के भाव तक आ गया था।
