Bajaj Auto या TVS Motor, किसमें निवेश पर मिलेगी पोर्टफोलियो को अधिक रफ्तार
Bajaj Auto vs TVS Motor: देश की दो बड़ी दोपहिया कंपनियों बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर ने जून तिमाही के कारोबारी नतीजे पेश कर दिए हैं। इनके नतीजे आने के बाद जानिए कि दोनों कंपनियों में किस पर दांव लगाना बेहतर होगा और पोर्टफोलियो को तेज रफ्तार मिलेगी
Bajaj Auto vs TVS Motor: निर्यात, कमजोर रुपये और बेहतर प्रोडक्ट मिक्स ने जून तिमाही में बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर की कमाई को सपोर्ट दिया।
Bajaj Auto vs TVS Motor: दोपहिया बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर के लिए वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत धमाकेदार रही। निर्यात, कमजोर रुपये और बेहतर प्रोडक्ट मिक्स ने दोनों कंपनियों की कमाई को सपोर्ट दिया। दोनों कंपनियों के लिए डीलर डिस्पैचेज और रिटेल सेल्स की रफ्तार इंडस्ट्री के ग्रोथ रेट से अधिक रही लेकिन दोनों लगभग बराबरी के लेवल पर रही। हालांकि 22% बाजार हिस्सेदारी के साथ बजाज ऑटो ने ईवी मार्केट में टीवीएस के दबदबे को चुनौती दी है। अब दोनों में कौन बेहतर है निवेश के लिए, इसे लेकर सीएनबीसी-टीवी18 ने एक कंपेरिजन तैयार की है।
Bajaj Auto vs TVS Motor: कौन अधिक प्रॉफिटेबल?
टीवीएस मोटर ने जून तिमाही में 3.5% के कमोडिटी कॉस्ट इनफ्लेशन के बाद अब सितंबर तिमाही में इसमें 0.5% की और बढ़ोतरी का अनुमान जाहिर किया। कंपनी ने अपनी लागत के बोझ का करीब 30% हिस्सा प्राइस हाइक के जरिए ग्राहकों पर डाला। बजाज ऑटो ने जून तिमाही में रेवेन्यू के मुकाबले लागत में करीब 4.5% की बढ़ोतरी हुई लेकिन कंपनी ने यह नहीं बताया कि इसका कितना हिस्सा ग्राहकों पर डाला गया। हालांकि इसकी मुनाफा कमाने की क्षमता टीवीएस से काफी बेहतर है। बजाज ऑटो का ईबीआईटी मार्जिन जून तिमाही में सालाना आधार पर 19.7% से बढ़कर 20.9% पर पहुंच गया जबकि टीवीएस मोटर का मार्जिन 12.5% से बढ़कर 12.8% पर पहुंचा।
Bajaj Auto vs TVS Motor: एक्सपोर्ट्स में किसके पास अधिक मौका?
बजाज ऑटो के एक्सपोर्ट के लिए अप्रैल-जून 2026 अब तक की सबसे अच्छी तिमाही रही। इसके एक्सपोर्ट वॉल्यूम में सालाना आधार पर 54% और तिमाही आधार पर 20% की बढ़ोतरी आई, जबकि घरेलू वॉल्यूम में सालाना आधार पर सिर्फ 11% की बढ़ोतरी हुई तो तिमाही आधार पर 7% की गिरावट आई। कंपनी अपने टॉप 30 एक्सपोर्ट मार्केट में इंडस्ट्री की तुलना में दोगुनी से अधिर रफ्तार हासिल की और अफ़्रीकी मार्केट में भी लगभग दोगुनी ग्रोथ रही, जहां इंडस्ट्री की रफ्तार 50% थी। टीवीएस मोटर ने एक्सपोर्ट वॉल्यूम के आंकड़े इस तरह से अलग करके नहीं बताए, लेकिन कहा कि उसे उम्मीद है कि इंटरनेशनल बिजनेस में जबरदस्त ग्रोथ सितंबर तिमाही में भी जारी रहेगी, और इसकी रफ्तार जून तिमाही की तरह या इससे थोड़ी बेहतर होगी।
Bajaj Auto vs TVS Motor: ईवी की जंग
बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर को सितंबर तिमाही में ईवी की ग्रोथ जून तिमाही की तरह या थोड़ी बेहतर रहने की उम्मीद है। रेवेन्यू के हिसाब से बजाज ऑटो का ईवी बिजनेस बड़ा है। इसके घरेलू रेवेन्यू में ईवी का हिस्सा 20% से बढ़कर 30% हो गया है और इस सेगमेंट का ईबीआईटीडीए मार्जिन दोहरे अंकों में पहुंच गया। इसका चेतक स्कूटर ईबीआईटीडीए के मामले में मुनाफे में आ गया है और मार्केट में इसकी हिस्सेदारी 23-24% है। टीवीएस मोटर की बात करें तो इसने रेवेन्यू में ईवी की हिस्सेदारी का खुलासा नहीं किया, लेकिन यह जरूर कहा कि इसकी दोपहिया ईवी कैपेसिटी 40,000 यूनिट है जिसे बढ़ाकर 50,000 से अधिक करने की योजना है। बजाज ऑटो की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कैपेसिटी अधिक है। अभी यह 50,000 यूनिट है और कंपनी की योजना इसे जल्द ही 60,000 यूनिट्स करने की है।
Bajaj Auto vs TVS Motor: इस वित्त वर्ष किसकी लॉन्चिंग अधिक?
टीवीएस मोटर ने अपने हालिया कांफ्रेंस कॉल में किसी खास नए मॉडल का जिक्र नहीं किया। इसकी बजाय कंपनी ने स्कूटर मार्केट में अपनी हिस्सेदारी बनाए रखने पर ध्यान दिया। एक बड़ी कॉम्पटीटर के भारी डिस्काउंट देने के बावजूद भारतीय बाजार में इसकी हिस्सेदारी लगभग 40% है। बजाज ऑटो की बात करें तो इसने वित्त वर्ष 2027 के लिए कई नए मॉडल लॉन्च करने की योजना बनाई है। इनमें नई 150cc पल्सर, 160-400cc रेंज में 10 फेसलिफ्ट मॉडल, नई 125cc पल्सर और मार्केट शेयर बढ़ाने के लिए दो नए 125cc ब्रांड शामिल हैं। ईवी सेगमेंट में बजाज ऑटो पहले ही Agile और Lite Chetak 2501 वैरिएंट लॉन्च कर चुकी है, जो इसके ईवी पोर्टफोलियो का 12% हिस्सा हैं।
Bajaj Auto vs TVS Motor: क्षमता बढ़ाने के लिए किसके पास अधिक बजट?
टीवीएस मोटर के विस्तार की योजनाएं बड़े पैमाने पर हैं। कंपनी की योजना चौथी तिमाही तक दोपहिया की क्षमता को 68 लाख यूनिट से बढ़ाकर 83 लाख यूनिट और तिपहिया की क्षमता को 2.5 लाख यूनिट से बढ़ाकर4.2 लाख यूनिट करने का है। बजाज ऑटो की भी योजना अपनी कुल क्षमता को 25% बढ़ाकर सालाना 70 लाख यूनिट से 90 लाख यूनिट करने की है। कंपनी चेतक की क्षमता को भी 16,000 यूनिट तक बढ़ा रही है और दूसरी तिमाही से हर महीने 2.5 लाख से ज्यादा यूनिट एक्सपोर्ट करने का लक्ष्य रख रही है।
Bajaj Auto vs TVS Motor: मैनेजमेंट का रुझान
बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर ने सितंबर तिमाही में अच्छे नतीजे आने का अनुमान लगाया है। टीवीएस मोटर को उम्मीद है कि सितंबर तिमाही में दोपहिया इंडस्ट्री में दोहरे अंकों की ग्रोथ बनी रहेगी जो पहली तिमाही से थोड़ी बेहतर रहेगी, तो साथ ही घरेलू बिक्री भी पहली तिमाही की ही तरह या थोड़ी बेहतर रफ्तार से बढ़ेगी। टीवीएस मोटर की योजना का फोकस दोपहिया और तिपहिया गाड़ियों पर है और अहम बात कैपेसिटी में विस्तार है।
Bajaj Auto vs TVS Motor: किसमें निवेश पर अधिक रिटर्न की गुंजाइश?
बजाज ऑटो को कवर करने वाले 48 एनालिस्ट्स में से 33 ने खरीदारी की रेटिंग दी है और ब्रोकरेज फर्मों के मुताबिक इसका शेयर ₹11,545 के भाव तक चढ़ सकता है। टीवीएस मोटर को भी 33 बाय कॉल मिली हुई है और इसका शेयर ₹4,167 तक चढ़ सकता है। ऐसे में इसके शेयरों में निवेश पर मुनाफे की गुंजाइश भले ही एक जैसी हो, लेकिन टीवीएस मोटर के मुकाबले बजाज ऑटो की मुनाफा कमाने की क्षमता बेहतर दिखती है, साथ ही इसकी क्षमता बढ़ाने की योजना भी बड़ी है और एक्सपोर्ट के मामले में भी यह अधिक मजबूत स्थिति में है, वहीं दूसरी तरफ टीवीएस मोटर ईवी मार्केट में काफी आगे है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।