बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व के शेयरों 5% तक की तेजी, शेयरधारकों को बजाज हाउसिंग के IPO में मिलेगा स्पेशल कोटा

Bajaj Housing Finance IPO: बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में आज 2 सितंबर को तगड़ी तेजी देखी गई। कंपनी के शेयर कारोबार के दौरान 5 फीसदी तक उछल गए। यह तेजी बजाज हाउसिंग फाइनेंस के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) की तारीख तय होने के बाद आई है। बजाज हाउसिंग फाइनेंस का 6,500 करोड़ रुपये का आईपीओ अगले हफ्ते 9 सितंबर को बोली के लिए खुलेगा

अपडेटेड Sep 02, 2024 पर 6:56 PM
Bajaj Housing Finance के IPO में बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस के शेयरधारकों के लिए कोटा रखा गया है

Bajaj Housing Finance IPO: बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में आज 2 सितंबर को तगड़ी तेजी देखी गई। शेयर कारोबार के दौरान 5 फीसदी तक उछल गए। यह तेजी बजाज हाउसिंग फाइनेंस के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) की तारीख तय होने के बाद आई है। बजाज हाउसिंग फाइनेंस का 6,500 करोड़ रुपये का आईपीओ अगले हफ्ते 9 सितंबर को बोली के लिए खुलेगा। बता दें कि बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व, दोनों बजाज हाउसिंग फाइनेंस की प्रमोटर हैं। इस खबर के बाद NSE पर बजाज फिनसर्व के शेयर 4.43 फीसदी तक उछल गए। कारोबार के अंत में बजाज फिनसर्व के शेयर 3.31 फीसदी बढ़कर 1,842 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले 3 दिन से यह शेयर लगातार बढ़ रहा है और इस दौरान इसमें करीब 8 फीसदी की तेजी आई है।

बजाज फाइनेंस के शेयरों में भी इस IPO के चलते जोरदार उछाल देखने को मिला। NSE पर आज यह शेयर 3.32 फीसदी की उछाल के साथ 7,439.4 रुपये के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। कारोबार के अंत में शेयर 3 फीसदी उछलकर 7,420 रुपये पर बंद हुआ। यह शेयर भी पिछले 6 दिनों से लगातार बढ़ रहा है और इस दौरान इसमें करीब 10 फीसदी की तेजी आ चुकी है।

बजाज हाउसिंग फाइनेंस के IPO में बजाज फिनसर्व और बजाज फाइनेंस के शेयरधारकों के लिए एक खास कोटा रखा गया है। दोनों कंपनियां प्रमोटर के तौर पर क्लासिफाइड हैं। बजाज फाइनेंस की बजाज हाउसिंग में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि बजाज फिनसर्व की बजाज फाइनेंस में 51.34 प्रतिशत हिस्सेदारी है।


यह IPO एंकर निवेशकों के लिए एक दिन 6 सितंबर को बोली के खुलेगा। वहीं बाकी निवेशकों के बोली 9 सितंबर से शुरू होकर 11 सितंबर तक चलेगी। इससे पहले 16 अगस्त को मनीकंट्रोल ने सबसे पहले एक रिपोर्ट में बताया था कि बजाज हाउसिंग फाइनेंस ₹56,000-₹59,000 करोड़ के वैल्यूएशन पर अपना IPO लाने जा रही है।

इस IPO के तहत 3,560 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं 3,000 करोड़ के शेयरों को इसकी पैरेंट कंपनी बजाज फाइनेंस की ओर से बिक्री के लिए रखा जाएगा। कंपनी ने बताया कि वह नए शेयरों की बिक्री से मिली राशि का इस्तेमाल कंपनी के कैपिटल बेस को मजबूत करने और भविष्य की पूंजी जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी।

यह IPO भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के उन दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए लाया जा रहा है, जिसके तहत अपर-लेयर की NBFC कंपनियों को सितंबर 2025 तक शेयर बाजार में अनिवार्य रूप से सूचीबद्ध करने को कहा गया था।

बजाज हाउसिंग फाइनेंस एक गैर-डिपॉजिट लेने वाली हाउसिंग फाइनेंस कंपनी है, जो सितंबर 2015 से नेशनल हाउसिंग बैंक के साथ रजिस्टर्ड हैं। यह कंपनी रेजिडेंशियल और कमर्शियल एसेट्स को खरीदने और उसके रिनोवेशन के लिए फाइनेंशियल सॉल्यूशंस मुहैया कराती है।

यह भी पढ़ें- Gujarat Gas Share Price: मर्जर-डीमर्जर प्लान पर शेयर रॉकेट, 13% का तगड़ा उछाल, ब्रोकरेज ने बढ़ाया टारगेट प्राइस

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।