Bajaj Finserv Q4 result:बजाज ग्रुप की कंपनी बजाज फिनसर्व ने 27 अप्रैल को वित्त वर्ष 2022-23 के चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए है। 31 मार्च 2023 को खत्म हुई इस तिमाही में कंपनी का कंसोलीडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 31.41 फीसदी की बढ़त के साथ 1768.95 रुपए पर रहा है। वहीं, वित्तवर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1346.08 करोड़ रुपए रहा था। चौथी तिमाही में बजाज फिनसर्व की कुल आय सालाना आधार पर 25.25 फीसदी की बढ़त के साथ 23624.61 करोड़ रुपए पर रही है। वहीं, वित्तवर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में कंपनी की आय 18861.67 करोड़ रुपए रही थी।
बजाज फिनसर्व बजाज समूह के लेंडिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और बीमा कारोबार की होल्डिंग कंपनी है।
बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (BAGIC)
31 मार्च को खत्म हुई तिमाही में बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस का ग्रॉस रिटेन प्रीमियम सालाना आधार पर 14 फीसदी की बढ़त के साथ 3766 करोड़ रुपए पर रहा है। वहीं, पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस का ग्रॉस रिटेन प्रीमियम 3300 करोड़ रुपए पर रहा था। इसमें टेंडर आधारित प्रीमियम और सरकारी स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम शामिल नहीं है। अगर इन दोनों को भी शामिल कर लिया जाए तो वित्त वर्ष 2023 की चौथी तिमाही में बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस का ग्रॉस रिटेन प्रीमियम सालाना आधार पर 17 फीसदी की बढ़त के साथ 3345 करोड़ रुपए पर रहा है जो कि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 2871 करोड़ रुपए रहा था।
चौथी तिमाही में बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस का शुद्ध अर्जित प्रीमियम (Net earned premium) 1990 करोड़ रुपये रहा है जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 1988 करोड़ रुपये था। Q4FY23 के लिए बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस का कर बाद लाभ सालाना आधार पर 248 करोड़ रुपये के मुकाबले 322 करोड़ रुपये रहा है।
बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (BALIC)
वित्त वर्ष 2023 की चौथी तिमाही में बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस का ग्रॉस रिटेन प्रीमियम वित्त वर्ष 2022 के चौथी तिमाही के 5719 करोड़ रुपये से 13 फीसदी बढ़कर 6434 करोड़ रुपये रहा है। इसकी तरह इसका न्यू बिजनेस प्रीमियम सालाना आधार पर 3236 करोड़ रुपए से बढ़कर 3297 करोड़ रुपये रहा है।
वित्त वर्ष 2023 की चौथी तिमाही में बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस का नेट न्यू बिजनेस वैल्यू सालाना आधार पर 35 फीसदी बढ़कर 415 करोड़ रुपये पर रहा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में ये 308 करोड़ रुपए पर रहा था। बता दें कि नेट न्यू बिजनेस वैल्यू के आंकड़ों के आधार पर ही लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों के मुनाफे को मापा जाता है।