Banking Stocks: ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत सफल नहीं हुई तो कच्चा तेल उबल पड़ा जिसके चलते दुनिया के अधिकतर बाजारों में कोहराम मच गया। घरेलू स्टॉक मार्केट में बात करें तो बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों की गिरावट ने निफ्टी बैंक (Nifty Bank) इंडेक्स 2% से अधिक टूट गया। निचले स्तर पर खरीदारी से रिकवरी शुरू हुई लेकिन अब भी यह काफी दबाव में है। फिलहाल 11:57 AM पर बैंक निफ्टी 1.43% की गिरावट के साथ 55,115.60 पर है। इंट्रा-डे में यह टूटकर 54,356.20 तक आ गया था। कच्चे तेल के प्रति बैरल $100 के पार जाने से महंगाई बढ़ने की तेज रफ्तार और मौद्रिक नीतियों के सख्त होने की चिंता बढ़ाई है।
PSU Banks ने बनाया Bank Nifty पर अधिक दबाव
बैंक निफ्टी पर सबसे तगड़ा दबाव पीएसयू बैंकों ने बनाया जोकि 4% तक टूट गए। निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 2.24% तो निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.37% फिसल गया। इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो एसबीआई (SBI) और एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयर ढाई-ढाई फीसदी तक टूट गए तो इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) में करीब 2% की गिरावट आई। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India), बैंक ऑफ इंडिया (Bank of India), बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra) और पंजाब नेशनल बैंक (Punjab National Bank-PNB) के शेयर 4% तक फिसल गए। निफ्टी बैंक पर सिर्फ एक स्टॉक रिकवर होकर ग्रीन हो पाया है- आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank)।
क्या कहना है एक्सपर्ट का?
रेलिगेयर ब्रोकिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) अजीत मिश्रा का कहना है कि बैंकिंग इंडेक्स में अभी प्राइवेट और पीएसयू, दोनों बैंकों के सपोर्ट से करीब 8.5% की तेजी आई थी। अजीत के मुताबिक बैंक निफ्टी 56,700 के आसपास अपने लॉन्ग-टर्म मूविंग एवरेज (200 DEMA) को फिर टेस्ट कर सकता है, जिसके बाद यह 57,800 की तरफ बढ़ सकता है। उनका मानना है कि नीचे की तरफ शॉर्ट-टर्म मूविंग एवरेज (20 DEMA) 54,300 पर सपोर्ट का काम कर सकता है, जिसके बाद 53,000 के आस-पास एक सपोर्ट लेवल होगा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।