PNB Share Price: पब्लिक सेक्टर के दिग्गज लेंडर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के लिए इस वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत धमाकेदार रही। जून 2026 तिमाही में कंपनी का मुनाफा तीन गुना से अधिक बढ़ा तो शेयरों ने आज इसका जश्न मनाया। बैंक के रिजल्ट शनिवार को पेश हुए थे और आज सोमवार 20 जुलाई को मार्केट खुलने पर शेयर 5% से अधिक उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया, जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 5.62% की बढ़त के साथ ₹111.75 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 5.81% उछलकर ₹111.95 तक पहुंचा था।
PNB के लिए कैसी रही जून तिमाही
चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में पीएनबी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 213.63% उछलकर ₹5253.29 करोड़ पर पहुंच गया। इसे टैक्स पर खर्च में तेज गिरावट से सपोर्ट मिला। सालाना आधार पर बैंक का टैक्स पर खर्च घटकर ₹5083 करोड़ से ₹1725 करोड़ रह गया। बैंक के लिए जून तिमाही ब्याज से कमाई के मामले में भी धमाकेदार रही और सालाना आधार पर NII (नेट इंटेरेस्ट इनकम) 2.1% उछलकर ₹10,798.36 करोड़ पर पहुंच गया। ब्याज से शुद्ध कमाई की ग्रोथ दिखने में हल्की लग रही हो लेकिन छह तिमाहियों में यह सबसे बेहतर है। बैंक की एसेट क्वालिटी भी जून तिमाही में बेहतर हुई। तिमाही आधार पर बैंक का ग्रास एनपीए 2.95% से घटकर 2.78% और नेट एनपीए 0.29% से 0.28% पर आ गया।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
पीएनबी के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है और महज 4 महीने में 27% से अधिक पूंजी घटा दी। 19 जनवरी 2026 को बीएसई पर यह ₹135.15 के भाव पर था, जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से चार महीने में यह 27.12% टूटकर 18 मई 2026 को ₹98.50 के भाव पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।