मिरे एसेट ग्लोबल इन्वेस्टमेंट्स (Mirae Asset Global Investments)के चीफ इनवेस्टमेंट ऑफीसर राहुल चड्ढा ने कहा कि इस समय रिटेल निवेशकों को नए जमाने की टेक कंपनियों में मौके का फायदा उठाना चाहिए और अपनी सहूलियत के मुताबिक इनमें खरीदारी करनी चाहिए। CNBC-TV18 को 22 नवंबर को दिए अपने इंटरव्यू में उन्होंने आगे कहा कि IT शेयर रुपये में गिरावट और बढ़ते व्यापार घाटे के महौल में अच्छे हेज का काम कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा हम पिछले 6-9 महीनों बाजार को लेकर सतर्क हैं। भारत ने दुनिया की तमाम दूसरी इकोनॉमी की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया है। डॉलर के लिहाज से देखें तो भारत का बाजार करीब 7 फीसदी ऊपर है। लेकिन अगले 6 महीने में बाजार सीमित दायरे में घूमता रहेगा।
FIIs का PSU बैंक पर आया दिल
PSU बैंक शेयरों में इस साल काफी रैली देखने को मिली है। क्या अब इन शेयरों में निवेश करने में देर हो चुकी है? इस सवाल की जवाब देते हुए राहुल चड्ढा ने कहा कि बैंक स्टॉक्स FIIs(विदेशी संस्थागत निवेशक) की पहली पसंद बने हुए हैं। इनके नतीजे भी अच्छे रहे हैं। पिछले 10 सालों से कुछ बैंक अंडरपरफार्म कर रहे थे। बेशक अब इनमें पेंटअप डिमांड का असर देखने को मिल रहा है।
नए जमाने के इंटरनेट आधारित कंपनियों में क्या करें?
नए जमाने की इंटरनेट आधारित प्लेटफार्म कंपनियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि ये थीम काफी अच्छी है। लेकिन वैल्यूशन ये हिसाब से शेयर महंगे लग रहे हैं। ये एक बायर्स मार्केट है। इस समय रिटेल निवेशकों को नए जमाने की टेक कंपनियों में मौके का फायदा उठाना चाहिए और अपनी सहूलियत के मुताबिक इनमें खरीदारी करना चाहिए।
इंफ्रा सेक्टर में अच्छी तेजी की उम्मीद
पिछले कुछ सालों के दौरान इंफ्रा शेयरों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। क्या अब आपको इस साइकिल में बदलाव की संभावना दिख रही है? इस सवाल का जबाव देते हुए राहुल चड्ढा ने कहा कि इन शेयरों के भाव कुछ ऐसा ही कहते नजर आ रहे हैं। अगर आप इस सेक्टर के शेयरों के हाल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो ये इस समय अपने रिकॉर्ड हाई मल्टिपल पर दिख रहे हैं। प्राइवेट सेक्टर की कंपनियों के कैपेक्स (क्षमता विस्तार और टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन पर किया जाने वाला खर्च) में अभी कोई बड़ी बढ़त देखने को नहीं मिली है। अगर प्राइवेट सेक्टर के निवेश खर्च में व्यापक बढ़त होती है तो फिर हमको इस सेक्टर में आगे कई सालों तक अच्छी तेजी देखने को मिलेगी।
रुपये में गिरावट और बढ़ते व्यापार घाटे से लगता है डर तो IT सेक्टर की लें शरण
क्या IT सेक्टर में भी आपको कहीं मौका दिख रहा है? इस सवाल के जवाब में राहुल चड्ढा ने कहा कि IT सेक्टर इस समय निवेशकों के लिए एक अच्छा शरण स्थल नजर आ रहा है। अगर किसी को रुपये में गिरावट और बढ़ते व्यापार घाटे से डर लग रहा तो आईटी शेयर उसके लिए अच्छे हेज (बचाव का उपाय) का काम कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।