Bata India Share Price: दिग्गज फुटवियर कंपनी बाटा इंडिया के शेयरों ने आज ढहते मार्केट में भी धमाल मचा दिया। एक तरफ घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) औंधे मुंह गिरे पड़े हैं। सेंसेक्स 600 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया और निफ्टी फिसलकर 24300 के नीचे आ गया तो दूसरी तरफ बाटा इंडिया का शेयर 8% से अधिक उछल पड़ा। इसके शेयरों ने जून तिमाही में मुनाफे में 23% के उछाल और ₹25 के डिविडेंड के ऐलान का जश्न मनाया। हालांकि कमजोर मार्केट सेंटिमेंट के चलते मुनाफावसूली का भी इस पर दबाव दिखा लेकिन अब भी यह मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 1.93% की बढ़त के साथ ₹713.00 पर है। इंट्रा-डे में यह 8.43% उछलकर ₹758.45 तक पहुंच गया था। लगातार चार कारोबारी दिनों की गिरावट के बाद आज इसमें रौनक आई। इन चार दिनों में यह 4% से अधिक कमजोर हुआ था।
