भारत ग्लोबल डेवलपर्स लिमिटेड (Bharat Global Developers) ने अपने प्रपोज्ड बोनस शेयर इश्यू और स्टॉक स्प्लिट के लिए रिकॉर्ड डेट को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। कंपनी ने यह कदम इसके शेयरों की ट्रंडिंग कैपिटल मार्केट रेगुलेटर SEBI की ओर से 23 दिसंबर को सस्पेंड किए जाने के बाद उठाया है। शेयर बाजारों को दिए गए स्पष्टीकरण में भारत ग्लोबल डेवलपर्स ने कहा कि मामला समीक्षाधीन है, लेकिन कंपनी रेगुलेटरी कंप्लायंस, पारदर्शिता और कॉरपोरेट गवर्नेंस के हाइएस्ट स्टैंडर्ड्स के लिए प्रतिबद्ध है।
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "हमारी लीगल और कंप्लायंस टीम्स के साथ सावधानीपूर्वक विचार-विमर्श के बाद और अंतरिम आदेश को देखते हुए, कंपनी ने प्रपोज्ड बोनस इश्यू और स्टॉक स्प्लिट कॉरपोरेट एक्शंस के लिए रिकॉर्ड डेट तय करने की प्रक्रिया को अस्थायी रूप से स्थगित करने का फैसला किया है।"
बोनस इश्यू के तहत भारत ग्लोबल डेवलपर्स ने शेयरहोल्डर्स को 8:10 के रेशियो में बोनस शेयर देने का फैसला किया है। इसका मतलब है कि शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 10 शेयरों पर 8 नए शेयर बोनस के तौर पर मिलेंगे। वहीं स्टॉक स्प्लिट के तहत कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले एक शेयर को 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 इक्विटी शेयरों में तोड़ने का फैसला किया है। बोनस शेयर और स्टॉक स्प्लिट दोनों के लिए रिकॉर्ड डेट 26 दिसंबर 2024 तय की गई थी। लेकिन अब इसे स्थगित कर दिया गया है।
SEBI ने क्यों रोकी Bharat Global Developers के शेयरों की ट्रेडिंग
सेबी ने अपने आदेश में लिखा है कि कंपनी झूठे खुलासे के आधार पर निवेशकों को अपने शेयर खरीदने के लिए प्रेरित करने की कोशिश कर रही है। साथ ही निवेशकों को गुमराह करने और लुभाने के लिए फर्जी और मनगढ़ंत आदेश और कॉन्ट्रैक्ट भी जारी कर रही है। भारत ग्लोबल के शेयरों में उछाल गलत खुलासे और गलत फाइनेंशियल्स का नतीजा था और शेयरों की कीमत में उछाल कुछ खास प्रिफरेंशियल अलॉटीज को फायदा पहुंचाने के लिए लाया गया था।
शुक्रवार, 20 दिसंबर 2024 को कंपनी का शेयर बीएसई पर 1236.45 रुपये पर बंद हुआ था। शेयरों में पिछले एक साल में 2351.81 प्रतिशत और 3 महीनों में 100 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल देखा गया है। कंपनी का मार्केट कैप 12,520 करोड़ रुपये है।
शेयरधारकों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित: भारत ग्लोबल डेवलपर्स
हालांकि भारत ग्लोबल डेवलपर्स ने कहा कि वह अपने शेयरधारकों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित है और सामने आए इश्यूज को हल करने के लिए SEBI के साथ सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। कंपनी जल्द से जल्द एक निष्पक्ष और ठोस समाधान निकलने को लेकर आश्वस्त है। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि इस पर कब तक समाधान निकाला जाएगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।