Bharti Airtel Q4 results: एयरटेल का मुनाफा 34% गिरा, हर शेयर पर ₹24 के डिविडेंड का ऐलान

Bharti Airtel Q4 results: भारती एयरटेल का मार्च तिमाही मुनाफा 34% गिरकर 7,325 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने 24 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी ने 65 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा पार करने का भी दावा किया। जानिए डिटेल।

अपडेटेड May 13, 2026 पर 6:04 PM
Story continues below Advertisement
एयरटेल ने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले हर फुली पेड इक्विटी शेयर पर 24 रुपये का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है।

Bharti Airtel Q4 results: दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने मार्च 2026 तिमाही के नतीजे 13 मई को जारी किए। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 34% गिरकर 7,325 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 11,021 करोड़ रुपये था। CNBC-TV18 ने एयरटेल का चौथी तिमाही का मुनाफा 7,404 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था।

हालांकि, अगर टैक्स से पहले के मुनाफे यानी प्री-टैक्स प्रॉफिट की बात करें, तो इसमें अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। कंपनी का प्री-टैक्स प्रॉफिट 36% बढ़कर 13,205 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 9,724 करोड़ रुपये था।

रेवेन्यू में 16% की बढ़ोतरी


मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का कुल रेवेन्यू 16% बढ़कर 55,383 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 47,876 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने बताया कि ज्यादा ग्राहक जुड़ने और लोगों के महंगे प्लान्स में अपग्रेड होने से कमाई बेहतर हुई। एयरटेल ने कहा कि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 2,892 करोड़ रुपये का नेट टैक्स गेन मिला था। इसी वजह से उस समय मुनाफा ज्यादा दिखा था।

65 करोड़ ग्राहक पार करने का दावा

एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि FY26 कंपनी के लिए काफी अहम साल रहा। इस दौरान एयरटेल ने 650 मिलियन ग्राहकों का आंकड़ा पार किया।

उन्होंने बताया कि कंपनी ने टेल्को ग्रेड सॉवरेन क्लाउड लॉन्च किया, RBI से अपनी सब्सिडियरी के जरिए लेंडिंग बिजनेस शुरू करने की मंजूरी हासिल की और डेटा सेंटर नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया।

अफ्रीका बिजनेस का प्रदर्शन रहा मजबूत

गोपल विट्टल ने कहा कि मार्च तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू तिमाही आधार पर 2.6% बढ़ा। इसमें अफ्रीका बिजनेस का प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा।

भारत में पैसिव इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज सहित रेवेन्यू में 0.9% की बढ़ोतरी हुई, जबकि अफ्रीका बिजनेस ने कॉन्स्टेंट करेंसी आधार पर 1.1% ग्रोथ दर्ज की।

एयरटेल ने जोड़े लाखों नए ग्राहक

भारत के मोबाइल बिजनेस में तिमाही आधार पर 0.6% की बढ़ोतरी रही। कंपनी ने इस दौरान 58 लाख नए स्मार्टफोन ग्राहक और 8 लाख नए पोस्टपेड ग्राहक जोड़े।

एयरटेल का ARPU यानी एवरेज रेवेन्यू पर यूजर 257 रुपये रहा, जिसे टेलीकॉम सेक्टर में मजबूत माना जा रहा है।

24 रुपये मिलेगा डिविडेंड

एयरटेल ने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले हर फुली पेड इक्विटी शेयर पर 24 रुपये का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है। वहीं, जिन शेयरों पर पूरी रकम जमा नहीं हुई है, उन पर 6 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड मिलेगा।

कंपनी ने कहा कि AGM में मंजूरी मिलने के 30 दिनों के भीतर निवेशकों के खाते में डिविडेंड भेज दिया जाएगा। रिकॉर्ड डेट की जानकारी बाद में दी जाएगी। नतीजों के ऐलान से पहले बुधवार को एयरटेल का शेयर 1.39% बढ़कर 1,781.20 रुपये पर बंद हुआ।

Tata Motors CV Q4 Results: नेट प्रॉफिट 35% उछलकर 1,800 करोड़ रुपये, डिविडेंड का ऐलान

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।