Bharti Airtel Share Price: भारती एयरटेल के शेयरों पर इस समय भारी दबाव दिख रहा है। आज 11 जनवरी को इंट्रा-डे में बीएसई पर यह पांच फीसदी से अधिक टूट गया। दो दिन में यह करीब 8 फीसदी कमजोर हो चुका है। JPMorgan ने इसकी रेटिंग को डाउनग्रेड कर अंडरवेट कर दिया है जिसके चलते इसके शेयरों को भारी बिकवाली का सामना करना पड़ रहा है। इसके शेयर अभी बीएसई पर 5.01 फीसदी की गिरावट के साथ 753.10 रुपये के भाव में मिल रहे हैं। वैश्विक रिसर्च फर्म जेपीमॉर्गन ने इसका टारगेट प्राइस 710 रुपये रखा है जो मौजूदा भाव से 6 फीसदी डाउनसाइड है।
क्यों डाउनग्रेड हुई Bharti Airtel की रेटिंग
रिलायंस जियो (Reliance Jio) अपना विस्तार कर रही है जिसके चलते भारती एयरटेल के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी बाजार हिस्सेदारी को बचाने की है। इसका असर कैपिटल एक्सपेंडिचर और 5जी की कॉम्पटीटिव प्राइस पर भी दिख सकता है। जेपीमॉर्गन के मुताबिक ऐसे में भारती एयरटेल के फ्री कैश फ्लो और निवेश की गई पूंजी पर रिटर्न (RoIC) में गिरावट दिख सकती है। 5जी रोलआउट और अधिक से अधिक ग्राहकों के इससे जुड़ने के चलते इस साल 2023 में टैरिफ में बढ़ोतरी की संभावना कम दिख रही है। इन सब वजहों से जेपीमॉर्गन ने इसकी रेटिंग को डाउनग्रेड कर दिया है और टारगेट प्राइस 860 रुपये से घटाकर 710 रुपये कर दिया है।
दो महीने में 14% टूट चुके हैं शेयर
पिछले साल एयरटेल के शेयर 25 नवंबर 2022 को 877.10 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। हालांकि उसके बाद इसमें काफी दबाव दिख रहा है और अब तक यह दो महीने में ही 14 फीसदी टूट चुका है। विदेशी ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक इसमें 6 फीसदी की गिरावट और आ सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।