Bihar Business Connect 2024 : एतिहासिक विरासत के लिए मशहूर बिहार अब देश दुनिया के निवेशकों को बुला रहा है। राज्य सरकार तमाम बड़े शहरों में निवेशकों के लिए रोड शो कर रही है। कोलकाता और मुंबई के बाद दिल्ली में भी ऐसे रोड शो का आयोजन किया गया। बिहार सिर्फ विरासत की झलक के लिए नहीं बल्कि मुनाफे के लिए भी आएं। बेहतर कनेक्टिविटी, उद्योग के लिए हाल की नीतियां, और श्रम शक्ति—ये सभी बिहार को निवेश के लिए एक सुनहरा अवसर बना रहे हैं। दिल्ली में बिहार बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम में केंद्र और राज्य दोनो ने निवेशकों को बिहार के छुपे मौके को पहचानने को कहा।
इस मौके पर बिहार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा " हमारी छवि बदल रही है । पहले लोग बोलते थे आपके पास बिग टिकट इंवेस्टमेंट नहीं आते। अब हर बड़ा उद्योगपति बिहार हार आना चाहता है। पिछली बार 50000 करोड़ का कमिटमेंट था। इसमें से अधिकतर जमीन पर उतर चुका है।"
बिहार बिजनेस कनेक्ट ग्लोबल समिट 2024 की जोरदार तैयारी कर रहा है। राज्य ने कपड़ा, फूड प्रोसेसिंग, आईटी, लॉजिस्टिक्स और मैन्युफैक्चरिंग में आकर्षक पॉलिसी बनाई है। साथ ही निर्यात प्रोत्साहन नीति। स्टार्टअप्स के लिए सीड फंड और इंटरेस्ट फ्री लोन जैसी नीतियां है। राज्य में 75 इंडस्ट्रियल एरिया में करीब 3000 एकड़ का लैंड बैंक है। इसके अलावा राज्य इंटरेस्ट सबवेंशन, 80 फीसदी SGST रीइंबर्समेंट , बिजली , स्टांप ड्यूटी में छूट और रोजगार पैदा करने जैसी खास सब्सिडी भी दे रहा है।
बिहार बिजनेस कनेक्ट के लिए 100 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। निवेशकों ने सिंगल विंडो सुविधा और भूमि आवंटन जैसे मुद्दों को लेकर अपने सवाल पूछे। बिहार के पास नेपाल और भूटान से करीब होने की वजह से करीब 40 करोड़ लोगों का बाजार पहुंच में है। राज्य की करीब 53 फीसदी जनसंख्या 35 साल के कम उम्र की है जिससे यहां स्किल्ड मैनपावर भरपूर है।
बिहार बिजनेस कनेक्ट 2023 के संस्करण की शानदार सफलता के आधार पर, राज्य 11 और 12 दिसंबर को पटना में दो दिवसीय बिहार बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम की मेजबानी करेगा। इस कार्यक्रम की अगुवाई में, विभिन्न शहरों में रोड शो आयोजित किए जा रहे हैं। बिहार दिसंबर में एक बड़े कार्यक्रम में घरेलू और विदेशी निवेशकों के लिए लाल कालीन बिछाने के लिए तैयार है, जिसका उद्देश्य राज्य में रोजगार सृजन और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कपड़ा, खाद्य प्रसंस्करण और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करना है।
गौरतलब है कि बिहार बिजनेस कनेक्ट 2023 संस्करण में 278 कंपनियों द्वारा 50,500 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए थे। अडानी समूह ने सीमेंट निर्माण, लॉजिस्टिक्स और कृषि उद्योग में 8,700 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई थी।