Bitcoin Price Crosses $100,000: बिटकॉइन की कीमत पहली बार 1,00,000 डॉलर (करीब 84 लाख रुपये) के पार चली गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद से ही क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में उछाल देखा जा रहा है। ट्रंप ने हाल ही में पॉल एटकिंस को अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (US SEC) का अगला चेयरमैन नियुक्त किया है, जो क्रिप्टोकरेंसी के बड़े पैरोकार माने जाते हैं। इसके अलावा उन्होंने एलॉन मस्क की अगुआई में नया डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी बनाने की मंजूरी दी है, जिससे क्रिप्टोकरेंसी को लेकर एक माहौल बना है।
पिछले एक महीने में सिर्फ बिटकॉइन में 50 प्रतिशत से अधिक की उछाल आई है। इसके साथ ही इसका मार्केट कैप अब 2 ट्रिलियन डॉलर की सीमा को पार कर गया है। इस साल अब तक बिटकॉइन करीब 144 फीसदी चढ़ चुका है। बता दें कि बिटकॉइन, दुनिया की सबसे पहली और बड़ी क्रिप्टोकरेंसी है। इसके अलावा बाकी क्रिप्टोकरेंसी में SOL और XRP की कीमतें भी अपने ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई हैं।
बिटकॉइन की तेजी के पीछे के कारण
मुड्रेक्स के सीईओ एडुल पटेल को उम्मीद है कि आने वाले हफ्तो में बिटकॉइन का भाव 1.20 लाख डॉलर तक पहुंच जाएगा। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन ने तो अपनी एक हालिया रिपोर्ट में बिटकॉइन की कीमतें के आसमान से भी ऊपर जाने का अनुमान जताया है। बर्नस्टीन ने कहा कि बिटकॉइन की कीमतें साल 2033 तक 10 लाख डॉलर (करीब 8.4 करोड़ रुपये) तक पहुंच सकती है।
बर्नस्टीन के मुताबिक बिटकॉइन का भाव 2025 तक 2 लाख डॉलर, 2029 तक 5 लाख डॉलर और 2033 तक 10 डॉलर तक पहुंच जाएगा।
भारतीय निवेशकों के लिए अवसर
भारतीय निवेशकों के लिए भी क्रिप्टो में यह तेजी एक सुनहरा अवसर है। भले ही भारत में अभी क्रिप्टो रेगुलेशन को लेकर अनिश्चितता हो, लेकिन ग्लोबल स्तर पर क्रिप्टोकरेंसी को बढ़ती स्वीकृति का फायदा यहां के निवेशकों को मिल सकता है। CIFDAQ के चेयरमैन हिमांशु मराडिया ने कहा, 'निवेशकों को लंबी अवधि की योजना बनानी चाहिए। मार्केट साइकिल्स पर नजर रखें, पोर्टफोलियो को डाइवर्सिफाई करें, एक भरोसेमंद क्रिप्टो-एक्सचेंज चुने और रेगुलेटरी बदलावों के प्रति सतर्क रहें।'
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।