Damani Portfolio: राधाकिशन दमानी के पोर्टफोलियो में शामिल वीएसटी इंडस्ट्रीज के शेयरों में आज 6 फीसदी की जोरदार तेजी रही। एक कारोबारी दिन पहले इंट्रा-डे में यह करीब 18 फीसदी टूट गया था। हालांकि आज इसने जबरदस्त वापसी की और इसकी एक वजह ये है आज बोर्ड की बैठक में बोनस शेयर पर फैसला होना है। इसके अलावा आज ही वीएसटी इंडस्ट्रीज चालू वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2024 के कारोबारी नतीजे पेश करेगी। इसके चलते शेयरों को लेकर पॉजिटिव माहौल बना और शेयर 5.68 फीसदी के उछाल के साथ 4103.70 रुपये पर पहुंच गए थे। दिन के आखिरी में यह 2.85 फीसदी की बढ़त के साथ 3993.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
एक दिन पहले 18% क्यों टूटा था VST Industries
वीएसटी इंडस्ट्रीज पहली बार बोनस शेयर के प्रस्ताव पर विचार करेगी। इसके चलते शेयरों को तगड़ा सपोर्ट मिला। हालांकि एक दिन पहले यह 18 फीसदी टूट गया था। इस गिरावट की वजह ये रही कि दमानी की इनवेस्टमेंट फर्मों ने इसमें 2.28 फीसदी हिस्सेदारी हल्की की। डिराइव ट्रेडिंग एंड रिजॉर्ट्स प्राइवेट ने इसमें 1.7 फीसदी और दमानी एस्टेट एंड फाइनेंस प्राइवेट ने 0.58 फीसदी हिस्सेदारी हल्की कर दी। राधाकिशन दमानी वीएसटी इंडस्ट्रीज के सबसे बड़े शेयरहोल्डर्स में शुमार हैं और उनके पास अभी भी कंपनी में 35 फीसदी हिस्सेदारी है। घरेलू म्यूचुअल फंडों की हिस्सेदारी 11.3 फीसदी है।
वीएसटी इंडस्ट्रीज के बारे में
सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट बनाने वाली वीएसटी इंडस्ट्रीज की हैदराबाद में दो सिगरेट मैनुफैक्चरिंग फैसिलिटी हैं। इसके पांच प्रमुख ब्रांड हैं, जिनमें 'टोटल', 'चार्म्स', 'मोमेंट', 'स्पेशल' और 'एडिशन' शामिल हैं और 12 लाख से अधिक आउटलेट्स तक इसकी सीधी पहुंच है। शेयरों की बात करें तो पिछले साल 26 अक्टूबर 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 3,159.90 पर थ। इस लेवल से 9 महीने में यह 53 फीसदी से अधिक उछलकर 19 जुलाई 2024 को एक साल के हाई 4,850.0 रुपये पर पहुंच गया था।