Damani Portfolio: राधाकिशन दमानी के पोर्टफोलियो में शामिल वीएसटी इंडस्ट्रीज के शेयरों में आज 6 फीसदी की जोरदार तेजी रही। एक कारोबारी दिन पहले इंट्रा-डे में यह करीब 18 फीसदी टूट गया था। हालांकि आज इसने जबरदस्त वापसी की और इसकी एक वजह ये है आज बोर्ड की बैठक में बोनस शेयर पर फैसला होना है। इसके अलावा आज ही वीएसटी इंडस्ट्रीज चालू वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2024 के कारोबारी नतीजे पेश करेगी। इसके चलते शेयरों को लेकर पॉजिटिव माहौल बना और शेयर 5.68 फीसदी के उछाल के साथ 4103.70 रुपये पर पहुंच गए थे। दिन के आखिरी में यह 2.85 फीसदी की बढ़त के साथ 3993.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
