LIC Share Price: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी, लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) के शेयर बुधवार को 6% तक उछल गए। यह तेजी इस खबर के बाद आई कि कंपनी अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर देने पर विचार करने वाली है। LIC ने 7 अप्रैल को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की आगामी 13 अप्रैल को बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में शेयरधारकों को बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
हालांकि, बोनस इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं की गई है। यह कदम इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि साल 2022 में लिस्टिंग के बाद कंपनी पहली बार बोनस शेयर देने पर विचार कर रही है। अब तक LIC ने अपने निवेशकों को केवल डिविडेंड के जरिए ही रिटर्न दिया है।
कंपनी ने यह भी साफ किया कि इक्विटी शेयरों में ट्रेडिंग के लिए ट्रेडिंग विंडो फिलहाल बंद है और यह 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही और वित्त वर्ष के नतीजों की घोषणा के 48 घंटे बाद तक बंद रहेगी।
बोनस शेयर क्या होते हैं ?
बोनस शेयर कंपनियां अपने फ्री रिजर्व्स को कैपिटलाइज करने के लिए जारी करती हैं। इसमें निवेशकों को बिना किसी अतिरिक्त लागत के अतिरिक्त शेयर मिलते हैं, इसलिए इन्हें “फ्री शेयर” भी कहा जाता है। इस प्रक्रिया से कंपनी की चुकता पूंजी यानी पेड-अप कैपिटल बढ़ती है और अर्निंग प्रति शेयर (EPS) में समायोजन होता है, जबकि रिजर्व्स में कमी आती है।
बोनस शेयर का लाभ सिर्फ उन्हीं निवेशकों को मिलेगा जो एक्स-डेट से पहले शेयर खरीदेंगे। एक्स-डेट या उसके बाद शेयर खरीदने वाले निवेशक इस लाभ के पात्र नहीं होंगे।
शेयरहोल्डिंग और रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी
LIC में सरकार की हिस्सेदारी करीब 96.5% है, जिसके चलते बाजार में इसका फ्री फ्लोट काफी कम है। इसके बावजूद दिसंबर तिमाही के अंत तक करीब 21 लाख रिटेल निवेशकों के पास एलआईसी के शेयर थे और इनकी कंपनी में कुल हिस्सेदारी 1.52 फीसदी है। रिटेल निवेशक उन्हें कहते हैं कि जिनके निवेश की वैल्यू 2 लाख रुपये से कम है। कंपनी के मार्च तिमाही के आंकड़े अभी आने बाकी हैं।
LIC के शेयर मंगलवार को 0.6% की गिरावट के साथ 740.50 रुपये के स्तर पर बंद हुए थे। साल 2026 में अब तक यह स्टॉक करीब 8% गिर चुका है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।