क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) के पहले ही दिन कई ब्रोकर्स ने खुदरा निवेशकों को दोपहर 3 बजे तक अपनी पोजिशन स्क्वेयर ऑफ यानी बंद करने की सलाह दी। सोमवार को नए नियम लागू होने के बाद अहम इंडेक्सेज और कुछ स्टॉक्स में कैश और फ्यूचर्स के भाव के बीच भारी-भरकम गैप देखने को मिला, जिससे मार्केट में कंफ्यूजन की स्थिति बन गई। ब्रोकरेजेज ने अपने क्लाइंट्स को जब तक नए मैकेनिज्म में मार्केट ढल नहीं जाता है, अपनी पोजिशन 3:00 PM और 3:05 PM के बीच बंद करने की सलाह दी है। एक ब्रोकरेज फर्म के टॉप ऑफिशियल ने कहा कि रिटेल क्लाइंट्स को 3 बजे तक अपनी सभी पोजिशन स्क्वेयर ऑफ करने की सलाह दी गई है। उनका कहना है कि फिलहाल मार्केट में काफी अनिश्चितता है और वह नहीं चाहते कि उनके क्लाइंट्स को किसी तरह का नुकसान उठाना पड़े।
