शेयर बाजार में गिरावट आने पर कई निवेशक घबराकर अपने शेयर बेच देते हैं। लेकिन बाजार में बड़ी तेजी की शुरुआत बड़ी गिरावट के बाद होती है। बीते करीब दो साल तक कमजोर रहने के बाद भारतीय बाजार की चाल बदलती दिख रही है। नवंबर में बाजार के माहौल में बदलाव दिखा है। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजार में जबर्दस्त खरीदारी की है। इसका असर बाजार के प्रमुख सूचकांकों पर दिखा है।
लंबी अवधि में कंपाउंडिंग का फायदा उठाने के लिए बाजार में बने रहें
गिरावट में शेयर बेच देने वाले निवेशक बाजार के सबसे अच्छे दिनों का फायदा उठाने से चूक जाते हैं। FundsIndia की नवंबर 2026 की Wealth Conversations रिपोर्ट के मुताबिक, अगर किसी निवेशक ने पिछले 27 साल के दौरान बाजार के सबसे अच्छे पांच कारोबारी दिन मिस कर दिए होते तो उसके निवेश की अंतिम वैल्यू काफी कम रह गई होती। यह रिपोर्ट बताती है कि लंबी अवधि में कंपाउंडिंग का फायदा उठाने के लिए बाजार में बने रहना कितना अहम हो सकता है।
सही समय पर खरीदारी और बिकवाली से होती है मोटी कमाई
शेयर बाजार से मुनाफा कमाने में सही समय पर खरीदारी और बिकवाली का बड़ा हाथ है। इसकी वजह यह है कि बाजार के कुछ सबसे शानदार कारोबारी दिन अक्सर बड़ी गिरावट के आसपास आते हैं। FundsIndia की रिपोर्ट के मुताबिक, बाजार के 10 सबसे अच्छे कारोबारी दिनों में से 7 दिन ऐसे थे, जो बाजार के 10 सबसे खराब दिनों के दो सप्ताह के भीतर आए।
2008 के फाइनेंशियल क्राइसिस और कोविड की गिरावट हैं उदाहरण
साल 2008 के ग्लोबल फाइनेंशियल क्राइसिस को देखें तो जनवरी 2005 से अक्टूबर 2026 के बीच Nifty 50 TRI के 30 सबसे अच्छे कारोबारी दिनों में से 22 दिन 2008 के व्यापक वित्तीय संकट के दौरान आए थे। इसी तरह, साल 2020 में कोरोना महामारी के कारण शेयर बाजार में आई भारी गिरावट के दौरान भी Nifty 50 TRI के 30 सबसे अच्छे दिनों में से 4 दिन दर्ज किए गए। इसका मतलब है कि जो निवेशक बाजार में गिरावट देखकर अपने शेयर बेच देते हैं और हालात सुधरने का इंतजार करते हैं, वे बाजार की रिकवरी के कुछ सबसे अच्छे दिन गंवा देते हैं।
बाजार पर भरोसा लौटने तक काफी देर हो चुकी होती है
अक्सर जब बाजार में तेजी लौटने के संकेत साफ दिखाई देने लगते हैं और निवेशकों का भरोसा वापस आता है, तब तक बाजार काफी हद तक रिकवर कर चुका होता है। कुछ परिस्थितियों में शेयर बेचने का फैसला सही हो सकता है। उदाहरण के लिए, अगर आप अपने किसी वित्तीय लक्ष्य के करीब हैं, आपको पैसों की जरूरत है या अपने पोर्टफोलियो का संतुलन बदलना चाहते हैं तो शेयरों की बिकवाली की जा सकती है। समस्या तब पैदा होती है जब निवेशक बाजार में हर गिरावट के दौरान घबराकर निवेश बेचने लगते हैं।