Buyback Alert: नवरत्न (Navratna), बोरो प्लस (Boro Plus), झंडू (Jhandu), केश किंग (Kesh King) और फेयर एंड हैंडसम (Fair & Handsome) जैसे ब्रांड्स की मालकिन एमामी के बोर्ड ने शेयरों के बायबैक प्रस्ताव को मंजूरी दी है। बायबैक के इस प्रस्ताव ने एमामी के शेयरों में जोश भर दिया और 7% से अधिक उछल पड़ा। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े। हालांकि निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 1.80% की बढ़त के साथ ₹376.10 (Emami Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 7.27% उछलकर ₹396.30 तक पहुंच गया था।
क्या है Emami के Share Buyback प्रस्ताव में
एमामी लिमिटेड ने आज गुरुवार 17 सितंबप को ₹282 करोड़ के इक्विटी शेयरों के बायबैक को मंजूरी दी। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी। हालांकि यह बायबैक ओपन मार्केट के जरिए किया जाएगा। इसका मतलब है कि बायबैक के लिए कोई प्राइस नहीं तय होगा, जबकि टेंडर ऑफर के जरिए बायबैक में कीमतें पहले से तय होती हैं। हालांकि इसका प्रति शेयर मैक्सिमम प्राइस ₹475 फिक्स किया गया है। एमामी के बोर्ड ने इसे लेकर एक कमेटी भी बनाई है जो बायबैक की प्रक्रिया, टाइमलाइन और अन्य डिटेल्स जारी करेगी।
पिछले तीन दशकों में यह दूसरी बार है, जब कंपनी ने शेयर बायबैक का ऐलान किया। इससे पहले कंपनी ने अप्रैल 2023 में बायबैक किया था और उस समय भी कंपनी ने ओपन मार्केट में प्रति शेयर अधिकतम ₹450 के भाव पर बायबैक किया था।
कंपनी अधिकतम 59.36 लाख शेयर ओपन मार्केट से खरीदेगी। इसे लेकर कंपनी अधिकतम ₹282 करोड़ खर्च करना तय किया है और इसके 40% हिस्से यानी ₹112.8 करोड़ का इस्तेमाल तो ऑफर खुलने के शुरुआती आधे समय में किया जाएगा। एमामी का अधिकतम बायबैक साइज कंपनी की कुल पेड-अप कैपिटल का 9.28% और फ्री रिजर्व का 9.98% है।
अगर बायबैक पूरी तरह से हो जाता है, तो एमामी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 54.84% से बढ़कर 55.6% हो जाएगी, जबकि पब्लिक की हिस्सेदारी 45.16% से घटकर 44.4% रह जाएगी। हालांकि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि कितना बायबैक पूरा हुआ है।
एक साल में कैसी रही शेयरों शेयरों की चाल
एमामी के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। पिछले साल 18 सितंबर, 2025 को बीएसई पर यह ₹612.40 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से यह एक साल में 41.01% टूटकर 1 सितंबर 2026 को ₹361.25 के भाव पर पहुंच गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।