डी-मार्ट (D-Mart) की पैरेंट कंपनी एवेन्यु सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) कभी निवेशकों की चहेती शेयर थी। हालांकि पिछले कुछ समय से कंपनी को अपने ग्रोथ और मुनाफे के समीकरण को बनाए रखने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐप और बड़े फॉर्मेट वाले रिटेल स्टोर्स से बिक्री का चलन बढ़ने से इसके पारंपरिक बिजनेस मॉडल पर असर पड़ा है। लिस्टिंग के पहले दिन से ही इस शेयर ने हमेशा महंगे वैल्यूएशन पर कारोबार किया है। हालांकि अक्टूबर 2011 में 5,300 रुपये के रिकॉर्ड स्तर को छूने के बाद से इसमें लगातार गिरावट आ रही है।
हालांकि मई महीने के दूसरे पखवाड़े से स्टॉक में अच्छी उछाल देखी गई है। लेकिन इसके बावजूद कुछ कारणों के चलते स्टॉक को लेकर सेंटीमेंट नरम बना हुआ है। ये कारण कंपनी के ग्रोथ और मुनाफे दोनों को प्रभावित करने वाले हैं। कमजोर सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) के बीच एनालिस्ट्स का स्टॉक को एक बार फिर निवेशकों के लिए आकर्षक बनाने के लिए और सुधार की आवश्यकता हो सकती है।
Avenue Supermarts ने कुछ दिन पहले बताया कि जून तिमाही में उसका स्टैंडअलोन रेवेन्यू ग्रोथ सालाना आधार पर 18 फीसदी बढ़कर 11,584 करोड़ रुपये रहा। वहीं इस दौरान इसने 3 नए स्टोर्स खोले हैं और अब इसके कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 327 हो गई है।
डीमार्ट के स्टोर्स की संख्या में पिछले कुछ तिमाहियों में हुई बढ़ोतरी का आप इस ग्राफ में देख सकते हैं-
हालांकि विदेशी ब्रोकिंग फर्म मॉर्गन स्टेनली (Morgan Stanley) के मुताबिक, कंपनी की सेल्स ग्रोथ और इसके स्टोर्स की संख्या में बढ़ोतरी दोनों अनुमानों से कम रही।
IIFL सिक्योरिटीज के एनालिस्ट्स ने कहा, "डीमार्ट की प्रति स्टोर की सेल्स ग्रोथ सीधे महंगाई से जुड़ी है। ऐसा इसलिए क्योंकि ये स्टोर्स 77 प्रतिशत ऐसे उत्पाद बेचते हैं, जिनपर महंगाई का काफी असर पड़ता है। अब चूंकि महंगाई में कमी आ रही है। ऐसे में पूरे FMCG सेक्ट की बिक्री में इस वित्त वर्ष 4.14 फीसदी की कमी आने की उम्मीद है।"
इसके चलते FY24 में डीमार्ट के सेम स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) पर दबाव रह सकता है। लेकिन यह केवल एक अस्थायी चिंता है, क्योंकि एक बार महंगाई दर स्थिर होने पर, बिक्री में उछाल आ सकता है।
कंपनी के लिए बड़ी चिंता का विषय यह है इसके कॉम्पिटीटर और खुज बिजनेस मॉडल भी कैसे बदल रहा है।
कॉम्पिटीशन में तेजी ने D-Mart के मर्चेंडाइज सेल्स पर असर डाला है, क्योंकि कंज्यूमर्स ने अपनी खरीदारी के लिए अन्य रास्ते तलाशने शुरू कर दिए हैं। ट्रेंट के जूडियो (Zudio) और लैंडमार्क ग्रुप के मैक्स (Max) जैसे प्रतिद्वंदी कंपनियां, जो किफायती कपड़ों की रेंज पेश करती हैं, आक्रामक रूप से विस्तार कर रही हैं। इससे उपभोक्ताओं का ध्यान डी-मार्ट से हट रहा है।
ट्रेंट के ज़ूडियो और लैंडमार्क ग्रुप के मैक्स दोनों 1000 रुपये से कम के कपड़ों की रेंज पेश करते हैं। ट्रेंट ने अपनी FY23 की सालाना बैठक में कहा था कि वह FY24 में Zudio के 200 स्टोर खोलेगा, जो एनालिस्ट्स के अनुमान से कहीं अधिक है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।