केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने शुक्रवार यानी 9 अक्तूबर को सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 21.5 फीसदी बढ़कर 59.2 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 48.7 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। कंपनी ने शेयर बाजार बंद होने के बाद तिमाही नतीजों का ऐलान किया। कंपनी के शेयर पर नतीजों का असर 12 अक्तूबर यानी सोमवार को दिखेगा।
यह FY27 के लिए अंतरिम डिविडेंड होगा
Canara Robeco Asset Management Company ने प्रति 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 2 रुपये अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। इसका मतलब है कि कंपनी प्रति शेयर 20 फीसदी डिविडेंड देगी। यह डिविडेंड वित्त वर्ष 2026-27 के लिए होगा। कंपनी ने डिविडेंड पेमेंट के लिए रिकॉर्ड डेट का भी ऐलान कर दिया है। रिकॉर्ड डेट 16 अक्टूबर तय की गई है। इसका मतलब है कि किसी इनवेस्टर के डीमैट अकाउंट में अगर 16 अक्टूबर को कंपनी के शेयर होंगे, उसे डिविडेंड मिलेगा। कंपनी डिविडेंड का पेमेंट ऐलान के 30 दिन के अंदर कर देगी।
सितंबर तिमाही में एएमसी का शानदार प्रदर्शन
सितंबर में कंपनी का रेवेन्यू 18.6 फीसदी बढ़कर 128 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 108 करोड़ रुपये था। केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट देश का दूसरा सबसे पुराना फंड हाउस है। यह केनरा बैंक और ओरिक्स कॉरेपोरेशन यूरोप एनवी/रोबेको का ज्वाइंट वेंचर है। इसमें केनरा बैंक की 51 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि बाकी हिस्सेदारी दूसरे पार्टरनर की है।
बीते एक साल में 21 फीसदी गिरा है शेयर
केनरा रोबेको एएमसी का शेयर 9 अक्टूबर को 0.66 फीसदी गिरकर 219.75 रुपये पर बंद हुआ। यह शेयर बीते एक साल में 21 फीसदी से ज्यादा गिरा है। इस दौरान आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी का शेयर 16 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी का शेयर इस दौरान 18 फीसदी गिरा है।
9 अक्टूबर को शेयर बाजारों में अच्छी रिकवरी
9 अक्टूबर को शेयर बाजारों में अच्छी रिकवरी देखने को मिली। निफ्टी 1.30 फीसदी यानी 288 अंक चढ़कर 22,520 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 1.23 फीसदी यानी 879 अंक के उछाल के साथ 72,472 पर क्लोज हुआ। बैंक निफ्टी में भी 1.36 फीसदी की तेजी दिखी। हालांकि, इससे पहले के दो सत्रों में शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आई थी।