Coforge Stocks: आईटी सेक्टर की कंपनी कोफोर्ज (Coforge) के शेयर बुधवार को 12 फीसदी से अधिक उछलकर 7,648.70 रुपये के अपने ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गए। यह तेजी कंपनी के शानदार तिमाही नतीजों के बाद आई है, जिसने निवेशकों के सेंटीमेंट को मजबूत किया है। कोफोर्ज का सितंबर तिमाही में शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 9 फीसदी बढ़कर 255.20 करोड़ रुपये रहा, जो इसकी ठीक पिछली तिमाही में 234.60 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी के बेहतर नतीजों में सिग्निटी टेक्नोलॉजीज (Cigniti Technologies) का भी योगदान रहा, जिसका कंपनी ने हाल ही में अधिग्रहण किया है।
