सेंसेक्स (BSE Sensex) की टॉप 10 कंपनियों में से 8 के मार्केट कैप (m-cap) में बीते सप्ताह 2,28,690.56 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान HDFC Bank और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को हुआ। केवल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप बढ़ा। बीते सप्ताह BSE का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,829.48 अंक या 2.69 प्रतिशत के नुकसान में रहा। नेशनल स्टॉक का Nifty (NSE Nifty) 518.1 अंक या 2.56 प्रतिशत टूटा। मंगलवार को ‘गणेश चतुर्थी’ के मौके पर बाजार बंद रहे थे। गुजरे सप्ताह में HDFC Bank का मार्केट कैप (Market Capitalisation) 99,835.27 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 11,59,154.60 करोड़ रुपये पर आ गया। पिछले सप्ताह कंपनी के शेयर में करीब 8 प्रतिशत की गिरावट आई।
