Creative Graphics IPO Listing: फ्लेक्सोग्राफिक प्रिंटिंग प्लेट्स बनाने वाली क्रिएटिव ग्राफिक्स (Creative Graphics) के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 201 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 85 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 175.00 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 105.88 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Creative Graphics Listing Gain) मिला। शेयरों की तेजी यहीं नहीं थमी। उछलकर यह 183.75 रुपये (Creative Graphics Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते भाव में नरमी आई और दिन के आखिरी में यह 178.50 रुपये पर बंद हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशक पहले दिन 110 फीसदी मुनाफे में हैं।
Creative Graphics IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
क्रिएटिव ग्राफिक्स का ₹54.40 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 28 मार्च से 4 अप्रैल तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 201.86 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 98.79 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 472.85 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 144.63 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 175 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 64 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, कर्ज चुकाने, कैपिटल एक्सपेंडिचर, अधिग्रहण और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
वर्ष 2014 में बनी क्रिएटिव ग्राफिक्स सॉल्यूशंस इंडिया फ्लेक्सोग्राफिक प्रिंटिंग प्लेट्स बनाती है। पहले इसका नाम तनुशी इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड था। यह डिजिटल फ्लेक्सो प्लेट्स, कंवेंशनल फ्लेक्सो प्रिंटिग प्लेट्स, लेटर प्रेस प्लेट्स, मेटल बैक प्लेट्स और कोटिंग प्लेट्स बनाती है। इसकी दो पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडियरीज हैं। इसमें से एक क्रिएटिव ग्राफिक्स प्रीमीडिया प्राइवेट लिमिटेड आईटीसी, टाटा कंज्यूमर्स, हल्दीराम, डाबर इंडिया और हिमालय जैसी कंपनियों को डिजाइन कस्टमाइजेशन और प्रिंट प्रोडक्शन जैसी प्रीमीडिया सर्विसेज ऑफर करती है। वहीं दूसरी सब्सिडियरी वाहरेन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड अलू-अलू फॉइल और ब्लिस्टर फॉइल जैसी फार्मा कंपनियों को पैकेजिंग सॉल्यूशंस ऑफर करती है। देश भर में इसके 7 मैनुफैक्चरिंग फैसिलिटीज है। इसके ग्राहक सिर्फ भारत से ही नहीं बल्कि अफ्रीका, थाईलैंड, कतर, कुवैत और नेपाल में भी हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 2.28 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में उछलकर 4.65 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2023 में 8.64 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 38 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 91.78 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2023 में इसे 7.24 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 48.46 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।