Q2 Results: माइक्रोफाइनेंस कंपनी क्रेडिटएक्सेस ग्रामीण (CreditAccess Grameen) का सितंबर तिमाही का रिजल्ट काफी दमदार रहा। नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर चार गुना यानी करीब 299% बढ़कर ₹502 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹126 करोड़ था। यह कंपनी का अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही मुनाफा है।
रेवेन्यू और ब्याज से कमाई बढ़ी
क्रेडिटएक्सेस की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 31.3% बढ़कर ₹1,351 करोड़ हो गई। पिछले साल यह ₹1,029 करोड़ थी। कुल आय भी 26.2% बढ़कर ₹1,904.8 करोड़ रही।
कंपनी का प्री-प्रोविजन ऑपरेटिंग प्रॉफिट 39.6% बढ़कर ₹970.2 करोड़ हो गया। वहीं, क्रेडिट कॉस्ट 43.2% घटकर ₹299 करोड़ रह गई। इससे मुनाफे को सहारा मिला।
क्रेडिटएक्सेस ने बढ़ाया FY27 का अनुमान
क्रेडिटएक्सेस ग्रामीण ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अपना अनुमान बढ़ाया है। अब कंपनी ने एसेट्स पर रिटर्न (ROA) 5.2-5.8% और इक्विटी पर रिटर्न (ROE) 21-24% रहने का अनुमान दिया है। कंपनी को पूरे साल में AUM ग्रोथ 20-25% रहने की उम्मीद है।
नए ग्राहकों की संख्या बढ़ी
सितंबर तिमाही में कंपनी ने ₹6,355 करोड़ के लोन बांटे। यह पिछले साल की समान तिमाही से 19.4% ज्यादा है। इस दौरान 2.3 लाख नए कर्जदार जुड़े। इनमें 35% ऐसे ग्राहक थे, जिन्होंने पहली बार कर्ज लिया।
सितंबर 2026 तक कंपनी का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 19.5% बढ़कर ₹30,946 करोड़ हो गया। कंपनी के पास 2,326 ब्रांच थीं। वहीं, कलेक्शन एफिशिएंसी सितंबर में 99.71% रही।
गुरुवार को BSE पर CreditAccess Grameen का शेयर ₹48.50 यानी 4.24% गिरकर ₹1,095 पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 19.36% गिरा है। इसका मार्केट कैप 17.58 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।