Crude Oil Prices: बीते 6 हफ्तों से क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल से ठीक पहले हो रहे मंदी के सौदे, 3 अरब डॉलर के सौदे करने वाले ये कौन लोग हैं?

क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल लाने वाली हर खबर से पहले शॉर्ट पोजीशंस ली गईं। ऐसा बीते 6 हफ्तों से हो रहा है। हर ट्रेड का पैटर्न एक जैसा है। ऐसे ट्रेड्स की कुल वैल्यू 3 अरब डॉलर से ज्यादा बताई जा रही हैं। कमोडिटी फ्यूचर्स ट्रेडिंग कमीशन ने इन ट्रेड्स की जांच शुरू कर दी है

अपडेटेड May 09, 2026 पर 2:57 PM
Story continues below Advertisement
28 फरवरी को अमेरिका-ईरान में लड़ाई शुरू होने के बाद मार्च और अप्रैल में भी इस तरह के सौदे किए गए।

क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल तो अमेरिका-ईरान की लड़ाई की वजह से आया है। लेकिन, ऑयल मार्केट में इस उछाल को भुनाने की कोशिशें पिछले छह हफ्तों से जारी हैं। ईरान से जुड़े बड़े जियोपॉलिटिकल डेवलपमेंट से ठीक पहले एक के बाद कई बेयरिश बेट देखने को मिले हैं। इन ट्रेड्स की कुल वैल्यू 3.1 अरब डॉलर से ज्यादा की है। आखिर ये बेट्स कौन लगा रहा है?

कमोडिटी फ्यूचर्स ट्रेडिंग कमीशन ने जांच शुरू कर दी है

कमोडिटी फ्यूचर्स ट्रेडिंग कमीशन (CFTC) ने इन ट्रेड्स की जांच शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में ट्रेड्स की पोजीशन और उसकी टाइमिंग चौंकाने वाले हैं। ऐसा लगता है कि हर ट्रेड कीमतों में उछाल लाने वाली बड़ी खबरे से पहले किया गया। इनमें अमेरिकी मिलिट्री की पोजीशन में बदलाव, सीजफायर के संकेत या डील की बातचीत से जुड़ी खबरें शामिल हैं। बीते कुछ हफ्तों में इन खबरों का क्रूड ऑयल की कीमतों पर बड़ा असर देखने को मिला है।


6 मई को 92 करोड़ डॉलर के मंदी के सौदे किए गए

सबसे ताजा मामला 6 मई का है। उस दिन अमेरिका-ईरान के बीच संभावित डील की Axios की खबर से ठीक एक घंटे पहले करीब 92 करोड़ डॉलर के मंदी के सौदे (Short Position) किए गए। एक्सियोस की खबर के बाद क्रूड की कीमतों में गिरावट आई। इससे यह संकेत मिलता है कि मंदी के सौदे करने वालों को इस बारे में पता था। मार्च और अप्रैल में भी इस तरह के सौदे किए गए।

कई बड़ी खबरों से ठीक पहले हुए मंदी के सौदे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले में पूर्वनियोजित देरी से कुछ मिनट्स पहले, सीजफायर की खबरों से कुछ घटे पहले और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के दोबारा खुलने की खबर से ठीक पहले मंदी के सौदे किए गए। खास बात यह है कि हर सौदा मंदी का था, जो अचानक आई जियोपॉलिटिकल खबर का फायदा उठाने के मकसद से किया गया। फिर उन खबरों पर ऑयल की कीमतों पर बड़ा असर देखा गया।

पिछले छह हफ्तों में हुए सौदों में एक खास पैटर्न

किसी एसेट की कीमतों की संभावित दिशा के अनुमान पर तेजी या मंदी के सौदे होना कोई असमान्य बात नहीं है। लेकिन, पिछले छह हफ्तों में क्रूड की कीमतों पर जिस तरह से दांव लगाया है, उन सभी ट्रेड्स में एक खास तरह की समानता दिखती है। इस समानता की अनदेखी नहीं की जा सकती। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, रेगुलेटर्स अब सीएमई ग्रुप और इंटरनेशनल एक्सचेंज जैसे बड़े ठिकानों में बड़ी ट्रेडिंग एक्टिविटी की जांच कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Petrol-diesel Prices: क्या 15 मई से पहले बढ़ने जा रही हैं पेट्रोल और डीजल की कीमतें?

सांसद ने एसईसी की भी जांच की मांग की

रेगुलेटर्स इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या ये पोजीशन कीमतों की संभावित दिशा का सामान्य फायदा उठाने के लिए बनाई गई या पोजीशन लेने वाले ट्रेडर्स के पास कुछ ऐसी जानकारियां थीं, जो सार्जनिक यानी पब्लिक नहीं थीं। ऐसे सौदों पर अमेरिका में कड़ी प्रतिक्रिया देखने मिली हैं। अमेरिकी सांसद रिची टोरेस ने सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) और CFTC दोनों से मामले की जांच करने की अपील की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।