Cube Highways: प्राइवेट सेक्टर की प्रमुख टोल रोड ऑपरेटर कंपनी क्यूब हाइवेज ट्रस्ट (Cube Highways Trust) 19 सितंबर को 1,675 करोड़ रुपये (200 करोड़ डॉलर) की ब्लॉक डील लॉन्च करेगी। मामले से वाकिफ सूत्रों ने बताया कि इस ट्रांजैक्शन में क्यूब हाइवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, क्यूब हाइवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर II प्राइवेट लिमिटेड, क्यूब मोबिलिटी इनवेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड और क्यूब हाइवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर I-D प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
ब्लॉक डील के लिए फ्लोर प्राइस 120 रुपये प्रति यूनिट (शेयर) तय की गई है। इस फ्लोर प्राइस पर बेस डील साइज 20 करोड़ डॉलर की है। साथ ही, इसमें बढ़ोतरी का विकल्प भी है। बेस डील में 13.98 करोड़ शेयरों की बात है, जो कुल बकाया यूनिट्स का तकरीबन 10.8 पर्सेंट है। क्यूब हाइवेज ट्रस्ट ने एक्सिस कैपिटल (Axis Capital) और जेपी मॉर्गन (JP Morgan) को इस ट्रांजैक्शन के लिए इनवेस्टमेंट बैंकर नियुक्त किया है।
हालिया घटनाक्रम के तहत यह भी खबर आई थी कि सॉवरेन वेल्थ फंड नेशनल इनवेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (NIIF) के पहले रोड पोर्टफोलियो अथंग इंफ्रास्ट्रक्चर को खरीदने की रेस में क्यूब हाइवेज सबसे आगे चल रही है। यह सौदा 6,000-6,500 करोड़ रुपये में हो सकता है।
जून 2024 को खत्म तिमाही में क्यूब हाइवेज ट्रस्ट की सेल्स 5.92 पर्सेंट बढ़कर 827.25 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 3.86 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी अवधि में कंपनी का नेट लॉस 20.18 करोड़ रुपये था। जून 2024 की तिमाही में कंपनी की सेल्स बढ़कर 827.25 करोड़ रुपये रही, जबकि जून 2023 तिमाही में यह आंकड़ा 781.04 करोड़ रुपये था।